सिलीगुड़ी : सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी की जयंती (गुरुपर्व) मंगलवार को पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित गुरुद्वारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गुरु नानक देव जी के समानता, मानवता, एकता और निस्वार्थ सेवा के संदेश को याद करते हुए लोगों ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।
गुरुपर्व के अवसर पर गुरुद्वारे को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। खास बात यह रही कि गुरु नानक देव जी को नमन करने के लिए केवल सिख समुदाय के लोग ही नहीं, बल्कि विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही लंगर का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण सेवक रोड पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को संभालते हुए जाम को नियंत्रित किया। वहीं, गुरुद्वारे में सेवा कार्यों में जुटे सेवादार भी पूरी तत्परता के साथ व्यवस्थाओं को संभालते नजर आए।
उल्लेखनीय है कि गुरु नानक जयंती के अवसर पर हर साल सेवक रोड स्थित गुरुद्वारे में भव्य आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में विभिन्न धर्मों, जातियों और संस्कृतियों के लोग शामिल होकर गुरु नानक देव जी के मानवता, प्रेम और भाईचारे के संदेश को आत्मसात करते हैं। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।