हाथी को देख हार्ट अटैक से एक गृहिणी की मौत

अस्पताल परिसर में उपस्थित परिवार के लोग
अस्पताल परिसर में उपस्थित परिवार के लोग
Published on

चालसा : सुबह-सुबह गांव की सड़क पर अचानक हाथी को देख भय से हृदयगति रुक जाने पर एक गृहिणी की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना मेटेली ब्लॉक के बिधाननगर ग्राम पंचायत के शालबाड़ी गांव में घटी। मृतका का नाम लिपिका राय (27) है। उनका घर भी शालबाड़ी गांव में ही है। मृतका की रिश्तेदार मुनमुन राय ने बताया कि सुबह अचानक दो हाथी गांव के भीतर घुस आए। तभी लोगों की चीख-पुकार सुनकर मेरी भांजी ने घर का दरवाज़ा खोला और बाहर निकली। घर के सामने विशालकाय हाथी को देखकर वह डर के मारे गिर पड़ी और बेहोश हो गई। हाथी चले जाने के बाद हम तुरंत उसे माल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना पर शोक जताते हुए वन्यप्राणी बोर्ड के सदस्य एवं नागराकाटा विधानसभा क्षेत्र के भूतपूर्व विधायक जोसेफ मुंडा ने कहा, सुबह खरिया बांदर जंगल से नेवरा जंगल की ओर जाते समय दो हाथी गांव के अंदर आ गए। हाथी देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दरवाज़ा खोलते ही सामने हाथी दिखने पर महिला डर के कारण गिर पड़ी और संभवतः हृदयाघात से उसकी मौत हो गई। परिवार को सरकारी नियमों के अनुसार मुआवज़ा मिलना चाहिए, इसका ध्यान वन विभाग को रखना चाहिए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका का पोस्टमॉर्टम कर उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतका लिपिका राय अपने पीछे पांच महीने के एक बच्चे को छोड़ गई हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in