गंगटोक: बास्केटबॉल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम की ओर से आयोजित 9वीं सिक्किम राज्य बास्केटबॉल लीग-2026 का रविवार को गंगटोक स्थित पाल्जोर स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि गंगटोक के विधायक दिले नामग्याल बारफुंगपा रहे। इस अवसर पर सिमफेड के अध्यक्ष एवं बीएएस के मुख्य संरक्षक तेनजिंग दोर्जी भूटिया, राज्य खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रिनजिंग वांग्याल छोपेल, गंगटोक नगर निगम के आयुक्त गेरी चोपेल सहित बीएएस के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बीएएस महासचिव जिग्मेला वाजिलिंगपा ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने शपथ ग्रहण किया और अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। उद्घाटन दिवस के मुकाबलों में सिक्किम बॉयज ने क्यी-दि-खांग बॉयज को 72-25 से हराया। नीमा और रोहित ने 22-22 अंक बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, ताक्त्से बॉयज ने मंजुश्री पब्लिक स्कूल को 58-40 से पराजित किया, जिसमें आर्यन प्रसाद ने 16 अंक बनाए। अन्य मुकाबलों में डेमी मॉन्क्स ने हाउंड्स को 44-36, रैवेन्स ने येतिस को 80-51 और देनजोंग सिंग्येस ने द्रुक स्क्वाड को 88-27 से हराया। अंतिम मुकाबले में सावियो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर दर्ज किया। इस वर्ष लीग के नौवें संस्करण में कुल 23 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 19 पुरुष और 4 महिला टीमें शामिल हैं। बीएएस ने इस सीजन से पहली बार दो-स्तरीय प्रतियोगिता प्रणाली शुरू की है, जिसके तहत शीर्ष आठ टीमें ए डिवीजन और अन्य टीमें बी डिवीजन में खेल रही हैं। अगले तीन महीनों तक सप्ताहांत और सरकारी छुट्टियों के दिनों में आयोजित होने वाली इस लीग में चैंपियन टीम का फैसला होगा। साथ ही, खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर सिक्किम राज्य बास्केटबॉल टीम के चयन के लिए भी मूल्यांकन किया जाएगा।