

सिलीगुड़ी
शहर में कचरे का जमाव, गंदी सड़कों और नियमित सफाई नहीं होने की शिकायतों के बीच सिलीगुड़ी नगर निगम प्रशासन ने बुधवार सुबह से तीन दिवसीय विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के मंगलवार को नगर निगम कार्यालय के दौरे के दौरान नागरिक सेवाओं पर नाराजगी जताने के बाद यह पहल की गई है। काली पूजा से पहले शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं।
नगर निगम की नगर प्रशासक आर विमला स्वयं अभियान की निगरानी कर रही हैं। वह विभिन्न इलाकों का दौरा कर सफाई कार्यों का जायजा ले रही हैं। गठित पांचों टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में जमा कचरे को हटाने, गलियों और प्रमुख सड़कों की सफाई करने में जुटी हैं।
मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नागरिक सेवाएं सामान्य और प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया था। उन्होंने काली पूजा से पहले शहर की साफ-सफाई और कचरा निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा था।
आर विमला ने बताया कि मंगलवार की बैठक के बाद 72 घंटे का विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि अभियान समाप्त होने के बाद भी किसी इलाके में कचरा जमा होने की स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
नगर प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं कचरा जमा होने या गंदगी की समस्या दिखने पर निगम के निर्धारित व्हाट्सऐप नंबर या वेबसाइट के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।