

सिलीगुड़ी : सात सूत्री मांगों को लेकर सारा भारत कृषक सभा की दार्जिलिंग जिला कमिटी की ओर से ‘सिलीगुड़ी महकमा परिषद चलो’ अभियान चलाया गया। अपनी मांगों को लेकर संगठन के कार्यकर्ता महकमा परिषद कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के पहुंचने से पहले ही कार्यालय के मुख्य गेट पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने गेट के बाहर ही विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सभाधिपति के इस्तीफे के बाद पिछले चार महीने से सिलीगुड़ी महकमा परिषद बिना सभाधिपति के चल रही है। इसके कारण महकमा परिषद का कामकाज प्रभावित हो रहा है। संगठन ने सवाल उठाया कि 21 जुलाई को महकमा परिषद की बैठक होने के बावजूद नए सभाधिपति के नाम की घोषणा क्यों नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य नहीं होने और डेंगू की रोकथाम के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जाने का भी आरोप लगाया। वहीं, अन्नपूर्णा योजना को लेकर संगठन का कहना है कि योजना शुरू होने के बावजूद गरीब लोगों को अब तक राशि का लाभ नहीं मिल रहा है। किसानों की समस्याओं को लेकर भी महकमा परिषद पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया गया।
कृषक सभा की ओर से महकमा परिषद के समक्ष 10 सवाल रखे गए हैं और 10 दिनों के भीतर जवाब देने की मांग की गई है। संगठन ने मांग की कि जल्द से जल्द सभाधिपति की नियुक्ति की जाए और महकमा परिषद के विकास कार्यों को गति दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।