

लाचेन : लगातार बारिश और सड़क बाधित होने के कारण पिछले तीन-चार दिनों से लाचेन में फंसे करीब 60 पर्यटकों को सोमवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राज्य सरकार के नेतृत्व और जिला प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों तथा स्थानीय संगठनों के समन्वित प्रयासों से पर्यटकों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।मंगन के जिला कलेक्टर अनंत जैन, मंगन के पुलिस अधीक्षक, पर्यटन विभाग के अध्यक्ष सोनाम नोरगे लाचुंगपा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, लाचेन जुम्सा और सिक्किम पुलिस के समन्वय में बचाव एवं निकासी अभियान चलाया गया।
अभियान में लाचेन होटल एसोसिएशन, लाचेन ड्राइवर एसोसिएशन, लाचेन टूरिज्म डेवलपमेंट कमेटी, लाचेन यूथ डेवलपमेंट कमेटी सहित स्थानीय स्वयंसेवकों और निवासियों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। सड़क खोलने के कार्य में लाचेन जुमसा और पिपोन ने आवश्यक जनशक्ति एवं लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई, जबकि मशीनरी के लिए तेल और अन्य जरूरी सामग्री भी मुहैया कराई गई। सड़क बंद रहने के दौरान लाचेन में फंसे कई पर्यटकों को होटल मालिकों और लीजिंग कंपनियों की ओर से नि:शुल्क भोजन एवं आवास उपलब्ध कराया गया। होटल एसोसिएशन ने बचाव एवं निकासी अभियान के दौरान भोजन और चाय की व्यवस्था में भी सहयोग किया।
लाचेन पुलिस थाना के थाना प्रभारी और उनकी टीम ने पर्यटकों की सुरक्षा तथा आवश्यकताओं की लगातार निगरानी की और स्थिति पर नियमित नजर बनाए रखी।सोमवार को सभी फंसे पर्यटकों को सुरक्षित रूप से लाचेन से बाहर निकाला गया। उनके संबंधित ट्रैवल एजेंसियों द्वारा गंगटोक से उपलब्ध कराए गए वाहनों के माध्यम से पर्यटक अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। प्रशासन के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान किसी अप्रिय घटना या कुप्रबंधन की सूचना नहीं मिली।
वर्तमान में लाचेन की ओर जाने वाली सड़क पर मलबा हटाने और मार्ग बहाली का कार्य जारी है। बीआरओ/जीआरईएफ के जवान शेष भूस्खलन प्रभावित हिस्सों को साफ करने में जुटे हैं। अधिकारियों के अनुसार, सड़क पर वाहनों की सुचारु आवाजाही बहाल करने के लिए आगे की सफाई का कार्य मंगलवार तक पूरा होने की उम्मीद है।इस पूरे घटनाक्रम ने आपदा की स्थिति में प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय समुदाय के बीच समन्वय के साथ-साथ लाचेन के स्थानीय लोगों की मानवीय सहायता और आतिथ्य की मिसाल पेश की है।