सिलीगुड़ी वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन का स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित

Siliguri welfare association
Siliguri welfare association
Published on: 

सिलीगुड़ी: लोगों के बीच रहकर सामाजिक कार्यों के 50 वर्ष पूरे करने के अवसर पर सिलीगुड़ी वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के स्वर्ण जयंती वर्ष की शुरुआत आज से हुई। इस मौके पर शनिवार को सुबह 10 बजे से रामकिंकर बैज हॉल में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जैव विविधता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई है। कार्यशाला में पुणे से आए जाने-माने स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अभय शुक्ला, लिवर फाउंडेशन के सचिव डॉ. अभिजीत चौधरी, नॉर्थ बंगाल यूनिवर्सिटी के डॉ. रूपक पाल और पर्यावरणविद् सौमित्र घोष शामिल हुए। चर्चा के दौरान ‘राइट टू हेल्थ’ यानी स्वास्थ्य के अधिकार, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। स्वर्ण जयंती समारोह के तहत शनिवार दिनभर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। 4 बजे बाघाजतिन पार्क से एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के जरिए सामाजिक जागरूकता और लोगों के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर संदेश पहुंचाया गया। इसके बाद शाम 6 बजे दीनबंधु मंच में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यहां समाज के लिए काम करने वाले 75 सहनागरिकों और समान विचारधारा वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही सिलीगुड़ी वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के पांच दशकों के सामाजिक कार्यों, विभिन्न आंदोलनों और आम लोगों के साथ संगठन की भागीदारी की कहानी को दर्शाती विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। संगठन के सचिव ज्योतिर्मय पाल ने बताया कि 50 वर्ष केवल एक संख्या नहीं, बल्कि लोगों के साथ खड़े रहने और सामाजिक सरोकारों के लिए लगातार काम करने की लंबी यात्रा है। स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान संगठन की इस यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in