

सिलीगुड़ी: जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज के बेलाकोबा में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सिविक वॉलंटियर के परिवार को राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। मंगलवार को जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और स्थानीय विधायक मृतक के घर पहुंचे और परिवार को सहायता राशि का चेक सौंपा। साथ ही, मृतक की पत्नी को नौकरी दिलाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को बेलाकोबा के बटतला इलाके में प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी निभा रहे सिविक वॉलंटियर आजिजुल हक (34) को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी। बाइक चालक कथित तौर पर नियंत्रण खो बैठा था। टक्कर लगने से आजिजुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
आजिजुल बेलाकोबा के बाबूपाड़ा के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, दो साल की बेटी और बुजुर्ग माता-पिता हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में सरकार की ओर से दी गई सहायता राशि परिवार के लिए राहत मानी जा रही है।
मंगलवार को परिवार से मिलने वालों में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी बीनापानी और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल थे। विधायक ने बताया कि मृतक की पत्नी को नौकरी दिलाने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।
इस दौरान जलपाईगुड़ी के अनुमंडल अधिकारी मोइन अहमद, राजगंज के बीडीओ शुभंकर दास, राजगंज थाने के आईसी अमिताभ दास, बेलाकोबा पुलिस चौकी के ओसी अरिजीत कुंडू, राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष मोनिका अधिकारी और उपाध्यक्ष निताई मंडल समेत अन्य लोग उपस्थित थे।