४९वीं जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप: कर्नाटक और तमिलनाडु बने चैंपियन

४९वीं जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप: कर्नाटक और तमिलनाडु बने चैंपियन
Published on: 

गंगटोक : ४९वीं योनेक्स-सनराइज अंतरराज्यीय एवं अंतरक्षेत्रीय जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में कर्नाटक के लड़कों और तमिलनाडु की लड़कियों ने खिताब अपने नाम किया। दोनों टीमों ने फाइनल मुकाबलों में २-० से शानदार जीत दर्ज की।

लड़कों के अंडर-१९ वर्ग के फाइनल में कर्नाटक ने असम को २-० से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, लड़कियों के अंडर-१९ वर्ग में तमिलनाडु ने दिल्ली को २-० से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया।

लड़कियों के फाइनल में तमिलनाडु की दीक्षा एसआर ने ऋषिका नंदी को १५-१२, १५-१२ से हराकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद अनन्या अरुण और अंजना मणिकंदन की जोड़ी ने ऋषिका नंदी और इशिता नेगी को १६-१४, १२-१५, १५-१० से पराजित कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

लड़कों के फाइनल में हार्दिक दिव्यांश ने बोर्निल चांगमई को हराकर कर्नाटक को बढ़त दिलाई। इसके बाद पवन सुरेश और पुनीत सुरेश की जोड़ी ने आनायन बोरा और बोर्निल चांगमई की जोड़ी को १५-९, १०-१५, १५-७ से हराकर कर्नाटक की खिताबी जीत पक्की कर दी।

उल्लेखनीय है कि पिछले संस्करण के चैंपियन मिजोरम की लड़कों की टीम और तेलंगाना की लड़कियों की टीम अंतरक्षेत्रीय मुकाबलों के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं। ऐसे में इस बार दोनों वर्गों में नए चैंपियन सामने आए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News