

सिलीगुड़ी
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेट्रोपोलिटन पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप और कैप्सूल जब्त किए हैं। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 100 मिलीलीटर की 4000 बोतल कफ सिरप और 96 हजार प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। जब्त कफ सिरप कुल 25 कार्टन में रखे हुए थे। यह कार्रवाई भक्ति नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 42 स्थित चायनपाड़ा के संकल्प एन्क्लेव में देर रात की गई।
मेट्रोपोलिटन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूत्रों से प्रतिबंधित दवाओं के अवैध भंडारण की सूचना मिलने के बाद डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने संकल्प एन्क्लेव में छापेमारी कर तीन लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समीरन विश्वास (41), सजय मंडल (54) और संजीत सिंह (40) के रूप में हुई है। समीरन विश्वास और सजय मंडल सिलीगुड़ी के डाबग्राम-1 स्थित सूर्यनगर, वार्ड नंबर 23 के निवासी हैं, जबकि संजीत सिंह बिहार के छपरा का रहने वाला है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से भारी मात्रा में कफ सिरप और कैप्सूल मिले। सभी सामानों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया। इसके बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ भक्ति नगर थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अब जब्त दवाओं के स्रोत, उनकी आपूर्ति और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं कहां से लाई गई थीं और इन्हें किन स्थानों पर पहुंचाने की योजना थी, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।