4,00,00,000 टैक्स बकाया, कारोबारी की दूसरी संपत्ति अटैच

आयकर विभाग ने कदमतला की चार मंजिला इमारत पर चस्पां की नोटिस, बकाया अदायगी के लिए दी एक माह की मोहलत 2 महीने पहले भी आयकर विभाग नरेश वर्मा की माल्लागुड़ी स्थित टी ऑक्शन रोड इलाके की तीन बीघा से अधिक जमीन अटैच कर चुका है

4,00,00,000 टैक्स बकाया, कारोबारी की दूसरी संपत्ति अटैच
Published on

सिलीगुड़ी : आयकर बकाया की वसूली को लेकर सिलीगुड़ी में आयकर विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। वर्ष 2011 से लंबित 4 करोड़ रुपये से अधिक के आयकर बकाये के मामले में विभाग ने कारोबारी नरेश वर्मा की दूसरी संपत्ति को अटैच कर दिया। विभागीय टीम ने चंपासारी के कदमतला इलाके में सड़क किनारे स्थित उक्त कारोबारी की 4 मंजिला इमारत पर संपत्ति अटैच किए जाने की नोटिस चस्पां की।

बुधवार दोपहर आयकर विभाग की टीम कदमतला पहुंची। अधिकारियों ने संबंधित संपत्ति पर कार्रवाई की सूचना वाली नोटिस चस्पां की। इस कार्रवाई के तहत कारोबारी को बकाया अदायगी के लिए एक माह की मोहलत भी दी गई है। विभाग के मुताबिक नरेश वर्मा के खिलाफ वर्ष 2011 से आयकर की राशि बकाया रखने का आरोप है। मौजूदा आकलन के अनुसार बकाये की रकम 4 करोड़ रुपये से अधिक है।

2 महीने पहले जमीन हो चुकी है अटैच

बताया गया है कि, तकरीबन 2 महीने पहले भी आयकर विभाग ने नरेश वर्मा की माल्लागुड़ी स्थित टी ऑक्शन रोड इलाके की तीन बीघा से अधिक जमीन अटैच की थी। उसके बाद भी कथित तौर पर बकाये का भुगतान नहीं होने पर विभाग ने बुधवार को उनकी उपरोक्त दूसरी संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की।

नीलामी की प्रक्रिया हो सकती है शुरू

विभाग ने बकाया आयकर चुकाने के लिए कारोबारी को अंतिम रूप से एक महीने का समय दिया है। अधिकारियों के अनुसार, तय अवधि में बकाये की राशि जमा नहीं की गई तो अटैच की गई संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in