

सिलीगुड़ी : राजगंज ब्लॉक के शिकारपुर हाट में बुधवार को अवैध रूप से देशी शराब और हड़िया बेचने तथा सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के आरोप में बेलाकोबा आउटपोस्ट पुलिस ने 28 लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बेलाकोबा आउटपोस्ट के ओसी अरिजीत कुंडू के नेतृत्व में शिकारपुर हाट परिसर में अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान कुछ लोगों को कथित तौर पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए पाया गया। वहीं, कई अन्य लोगों को इलाके में देशी शराब और हड़िया बेचने के आरोप में हिरासत में लिया गया।
अभियान के दौरान हाट परिसर से जार और मिट्टी के बर्तनों में रखी देशी शराब व हड़िया भी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि जब्त शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए सभी लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जाएंगे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शिकारपुर हाट इलाके में अवैध शराब के कारोबार को लेकर हड़कंप मचा रहा।