22.50 लाख रुपये ज़ब्त, 4 हिरासत में लिए गए

पकड़े गए लोगों में 3 मेघालय के रहने वाले व 1 स्थानीय व्यक्ति, आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम्स की पानीटंकी इकाई के हवाले किए गए
22.50 लाख रुपये ज़ब्त, 4 हिरासत में लिए गए
Published on

सिलीगुड़ी : भारत-नेपाल सीमांत खोरीबाड़ी की पानीटंकी चौकी पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 41वीं बटालियन अधीनस्थ 'सी' कंपनी की बिट टीम ने भारतीय मुद्रा में 22.50 लाख रुपये जब्त करते हुए 4 लोगों को हिरासत में लिया है। कंपनी कमांडर से मिली खास खुफिया जानकारी के आधार पर एसआई/जीडी विक्रम सिंह चौधरी के नेतृत्व में दो अन्य कर्मियों संग मिलकर टीम ने बीते मंगलवार की देर शाम पानीटंकी क्षेत्र में आईसीपी ICP न्यू ब्रिज के पास अभियान चलाया। उन्होंने निशानदेही अनुरूप एक कार को रोका जो भारत से नेपाल की ओर जा रही थी। गहन जांच के बाद कार में बैठे लोगों के पास से भारतीय मुद्रा में 22.50 लाख रुपये बरामद हुए। संदेह है कि यह मुद्रा अवैध रूप में सीमा पार तस्करी की जा रही थी।

इसके मद्देनजर टीम ने बरामद रुपये व कार को जब्त कर लिया। इसके साथ ही कार में सवार 4 लोगों को भी हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिला अंतर्गत बड़ा पत्थर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार के झालुपारा निवासी अमर बहादुर थापा (46 वर्ष), राजू कौसिला (47 वर्ष), भीम बहादुर कौसिला (73 वर्ष), और पश्चिम बंगाल राज्य के दार्जिलिंग जिला अंतर्गत खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के दुलाल जोत के उत्तर रामधन जोत निवासी प्रेम कुमार सन्यासी (36 वर्ष) के रूप में हुई है। उन सभी को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु ज़ब्त गाड़ी व मुद्रा के साथ कस्टम्स की पानीटंकी इकाई के हवाले कर दिया गया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in