

सिलीगुड़ी : दार्जिलिंग मोड़ पर लंबे समय से जारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। सांसद राजू बिष्ट ने रविवार दार्जिलिंग मोड़ इलाके में चल रहे एलिवेटेड हाईवे कॉरिडोर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सांसद राजू बिष्ट ने बताया कि 20 सितंबर तक कॉरिडोर की एक कैरिजवे को आम लोगों के लिए खोलने का लक्ष्य है। इसके शुरू होने के बाद दार्जिलिंग मोड़ इलाके में वाहनों की आवाजाही काफी सुगम होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग मोड़ पर लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों, यात्रियों और पर्यटकों को वर्षों से परेशानी होती रही है। एक कैरिजवे शुरू होने के बाद इस समस्या में काफी कमी आएगी। वहीं, माटीगाड़ा के बालासन से सेवक आर्मी कैंप तक पूरे एलिवेटेड कॉरिडोर का काम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कॉरिडोर के पूरी तरह चालू होने के बाद उत्तर बंगाल में यातायात और कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। सांसद ने कहा कि इससे छात्रों को समय पर स्कूल-कॉलेज पहुंचने में मदद मिलेगी, अस्पताल जाने वाले मरीजों को आपात स्थिति में कम देरी का सामना करना पड़ेगा। व्यापारियों और दुकानदारों के लिए माल की आवाजाही भी आसान होगी। साथ ही, स्थानीय लोगों के अलावा दार्जिलिंग और आसपास के पहाड़ी इलाकों में आने वाले पर्यटकों और यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। राजू बिष्ट के अनुसार, यह कॉरिडोर उत्तर बंगाल और पूरे पूर्वोत्तर के बीच माल ढुलाई और व्यापार को भी गति देगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, आर्थिक गतिविधियों और लंबे समय के विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है।