नागराकाटा: जलपाईगुड़ी जिले के मेटेली प्रखंड अंतर्गत कुर्ती रेल ब्रिज के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान महान उरांव के रूप में हुई है, जो आईबिल चाय बागान के कोटली लाइन का निवासी था। घटना के बाद पूरे चाय बागान क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महान उरांव रेल ब्रिज पार कर रहा था, तभी कोलकाता से अलीपुरद्वार की ओर जा रही कंचनकन्या एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। तत्पश्चात जीआरपी और मेटेली थाना पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। असमय हुई इस दर्दनाक मौत से मृतक के परिवार में गहरा मातम छा गया है। वहीं, पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।