जयगांव में 12 हजार किलो सुपारी जब्त, दो गिरफ्तार

स्क्रैप कारोबार की आड़ में तस्करी का आरोप, गोदाम में बदली गई थी वाहन की नंबर प्लेट
जयगांव में 12 हजार किलो सुपारी जब्त, दो गिरफ्तार
Published on: 

जयगांव : पश्चिम बंगाल के अलीपुरदुआर जिले के जयगांव में पुलिस ने कथित सुपारी तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने स्क्रैप कारोबार की आड़ में चलाए जा रहे तस्करी के कथित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करीब 12 हजार किलोग्राम सुपारी से लदे एक मालवाहक वाहन को जब्त किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि भूटान के लिए निर्धारित मार्ग पर चलने वाला स्क्रैप से लदा एक मालवाहक वाहन अपने तय रास्ते से हटकर दूसरे मार्ग पर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को ट्रैक किया। इसके बाद कस्टम्स विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मौजूदगी में नियमानुसार जांच की गई। जांच के दौरान कथित तस्करी का मामला सामने आया।

आरोप है कि निर्धारित मार्ग से हटने के बाद एक गोदाम में वाहन की भूटान की नंबर प्लेट हटाकर उसकी जगह उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट लगा दी गई थी। इसके बाद स्क्रैप के सामान के नीचे सुपारी की बोरियां छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने जांच के दौरान करीब 12 हजार किलोग्राम सुपारी बरामद की।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारूक अब्दुल्ला और रफीकुल इस्लाम के रूप में हुई है। दोनों जयगांव थाना क्षेत्र की झरना बस्ती के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, फारूक अब्दुल्ला गोदाम का मालिक है, जबकि रफीकुल इस्लाम पर वाहन की नंबर प्लेट बदलने में शामिल होने का आरोप है।

मामले में जयगांव थाने में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुपारी कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और कथित तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in