महकमा में 11,436 लोगों को 'बांग्लार बाड़ी'

10,846 लाभार्थियों को पहली किस्त में कुल मिला कर 65.076 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल रूप में किया 'बांग्लार बाड़ी' योजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ
महकमा में 11,436 लोगों को 'बांग्लार बाड़ी'
Published on

सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य भर के 20 लाख जरूरतमंद परिवारों को लिए 'बांग्लार बाड़ी' (ग्रामीण) योजना के द्वितीय चरण का बुधवार को हुगली जिला के सिंगूर से समारोहपूर्वक शुभारंभ किया। सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र के लिए भी इस आवास योजना का यहां मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल रूप में शुभारंभ किया गया। इसे लेकर माटीगाड़ा के मायादेवी क्लब प्रांगण में एक समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव, सिलीगुड़ी महकमा परिषद के सभाधिपति अरुण घोष, दार्जिलिंग के डीएम मनीष मिश्रा, सिलीगुड़ी के पुलिस कमियनर सी. सुधाकर व अन्य कई सम्मिलित हुए। उन्होंने विभिन्न लाभार्थियों को योजना लाभ के प्रमाण पत्र व पहली किस्त की राशि के भुगतान के चेक व अन्य कागजात भी प्रदान किए। वहीं, 'बांग्लार बाड़ी' (ग्रामीण) योजना के व्यापक प्रचा-प्रसार हेतु एक सुसज्जित टैब्लॉय वाहन को हरी झंडी दिखा कर प्रचार अभियान पर रवाना किया।

बताया गया है कि, सिलीगुड़ी महकमा के चारों प्रखंडों माटीगाड़ा, नक्सलबाड़ी, खोरीबाड़ी व फांसीदेवा में 'बांग्लार बाड़ी' (ग्रामीण) योजना के द्वितीय चरण के तहत लाभार्थियों की कुल संख्या 11,436 है। उनमें 11,347 लाभार्थियों के लिए पहली किस्त की राशि आवंटित हो चुकी है। इसके तहत पहलेपहल डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) पद्धति द्वारा 10,846 लाभार्थियों को इस दिन पहली किस्त की राशि का भुगतान किया गया जो कि कुल मिला कर 65.076 करोड़ रुपये है। अब इनमें से बाकी बचे 501 लाभार्थियों को आवश्यक जांच के उपरांत भुगतान किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि, 'बांग्लार बाड़ी' (ग्रामीण) योजना के प्रथम चरण में राज्य भर में 12 लाख से ज़्यादा आवास निर्मित हुए। उक्त योजना के तहत सिलीगुड़ी महकमा के उपरोक्त चारों प्रखंड क्षेत्र में 5,167 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। उनमें से अब तक 5,068 आवास पूरे हो चुके हैं। इस 'बांग्लार बाड़ी' (ग्रामीण) योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर बनाने हेतु 60,000 रुपये करके दो किस्तों में कुल मिला कर 1.20 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाती है। यह योजना पूरी तरह से राज्य सरकार द्वारा ही फंडेड है।

इस अवसर पर सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने कहा कि, हमारी मां-माटी-मानुष की नेत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल राज्य सरकार ने गत 15 वर्षों में राज्य में जो विकास किया है वह बेनजीर है। राज्य के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर, आधारभूत संरचना, रोजगार, चिकित्सा, शिक्षा, व्यवसाय, वाणिज्य, उद्योग, पर्यटन, सामाजिक व हरेक वर्ग एवं हरेक व्यक्ति के विकास की योजनाओं को धरातल पर कार्यान्वित किया गया है। वह चाहे कन्याश्री, रूपोश्री, योग्यश्री, ऐक्यश्री, पथश्री, लोक्खिर भांडार, स्वास्थ्य साथी, सोबुज साथी, मानविक पेंशन स्कीम, जय जोहार, गतिधारा जो भी योजना हो सबके जरिये राज्य एवं राज्यवासियों का अभूतपूर्व विकास हुआ है। ऐसी कल्याणकारी योजनाएं आगे भी सतत रूप में चलाए रखने को मां-माटी-मानुष की सरकार प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in