'मूँछों वाली माँ' गिजुभाई : बाल-मनोविज्ञान के असली पैरोकार

गिजुभाई
गिजुभाई बधेकाAi generated Image
Published on: 

‘मूंछों वाली माँ’

बीसवीं सदी के आरंभिक दशकों में जब समूची भारतीय शिक्षा व्यवस्था औपनिवेशिक ढाँचे की बेड़ियों में जकड़ी हुई थी, तब गुजरात के भावनगर की भूमि पर गिजुभाई बधेका ने बाल-संवेदना की नींव रखी थी। ‘मूंछों वाली माँ’ के नाम से पुकारे जाने वाले गिजुभाई के दक्षिणामूर्ति बालमंदिर में बाल-सुलभ सहज प्रवृत्तियाँ प्रस्फुटित हुईं। उनकी कृति ‘दिवास्वप्न’ बाल-मनोविज्ञान का एक अनुभव ग्रन्थ बनी, जिसमें उन्होंने अपने प्रयोग से सिद्ध किया कि कैसे परंपरागत रूप से दंड और चुप्पी पर टिकी एक अशांत कक्षा को कहानियों, स्वांग और अभिनय के सजीव स्पर्श से रसपूर्ण संवादशाला में बदला जा सकता है।

गिजुभाई का नाट्य दर्शन

गिजुभाई के नाट्य दर्शन का मूल कृत्रिम परिधानों और रटे- रटाए पटकथाओं के बंधनों से पूर्ण मुक्ति में निहित है। उनका अटूट विश्वास था कि नाटक बालक की मूल नैसर्गिक वृत्ति है; जब एक छोटा बच्चा हाथ में डंडा लेकर घोड़ा दौड़ाता है या किसी काल्पनिक वस्तु को थामकर संवाद रचता है, तब वह अपनी कल्पना के उर्वर धरातल पर विचरण कर रहा होता है। ऐसे में यदि हम उस पर भारी-भरकम मुखौटे, वस्त्र और बंधी-बंधाई भाषा थोप देते हैं, तो उसकी मौलिक सर्जनात्मकता का गला घोंट दिया जाता है। गिजुभाई के अनुसार बाल-नाट्य में अंतिम प्रस्तुति या दर्शकों से प्रशंसा पाने की चाह गौण है, जबकि उस अभिनय की प्रक्रिया में बच्चे द्वारा जिया गया अनुभव ही वास्तविक शिक्षा है। किसी राजा का रूप धारण करने के लिए बच्चे को किसी सोने के मुकुट की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि जब उसकी अंतरात्मा उस पात्र को स्वीकार कर लेती है, तो उसकी सामान्य लकड़ी की छड़ी ही राजदंड बन जाती है और उसकी चाल में स्वाभाविक गरिमा आ जाती है।

कहानी सुनाने की कला

गिजुभाई ने कहानी सुनाने की कला को अभिनय का पहला और सबसे सुगम माध्यम बनाया। कक्षा में जब एक शिक्षक उतार-चढ़ाव और जीवंत भाव-भंगिमाओं के साथ किसी प्रसंग को प्रस्तुत करता है, तो बच्चों के मानस पटल पर दृश्यों की एक समानांतर सृष्टि गतिशील हो उठती है। कहानी के पूर्ण होते ही बिना किसी पूर्वाभ्यास के बच्चों से उस स्थिति को जीने का आह्वान करना ही अभिनय की सहज शुरुआत बन जाती है। इस प्रक्रिया में बालक व्याकरण के नियमों के आतंक से पूरी तरह मुक्त हो जाता है, जिससे उसकी अभिव्यक्ति में संकोच का स्थान निर्भीकता ले लेती है।

किताबी ज्ञान ही बुद्धि का एकमात्र पैमाना नहीं है

गिजुभाई के इस सूत्र की सार्थकता और उसकी अगाध शक्ति का साक्षात प्रमाण मुझे कुछ वर्ष पूर्व तब मिला, जब एक कार्यक्रम के अंतर्गत अत्यंत सीमित समय में मुझे कुछ विशेष बच्चों के साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। उस समय हमारे पास न तो कोई लंबा समय था और न ही कोई सुसज्जित मंच या वेशभूषा, केवल एक सप्ताह का समय था। मैंने तय किया कि महापुरुषों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को आधार बनाकर बच्चों के साथ एक-एक दृश्य के अत्यंत छोटे-छोटे नाटकों की रचना की जाए। हमने महात्मा गांधी के जीवन और उनके सत्य के प्रयोगों से जुड़े मार्मिक प्रसंग, महात्मा बुद्ध और डाकू अंगुलिमाल के मध्य हुए हृदय-परिवर्तनकारी संवाद, तथा स्वच्छता और पर्यावरण की चेतना जगाने वाले अत्यंत संक्षिप्त दृश्यों को चुना। उस दौरान मेरे सामने जो यथार्थ उद्घाटित हुआ, उसने पारंपरिक शिक्षण और तथाकथित बौद्धिक योग्यता की एक अलग ही परिभाषा बना दिया। कक्षा में जो बच्चे पढ़ाई-लिखाई में अत्यंत कमजोर माने जाते थे, जिन्हें अक्षरों की पहचान तक नहीं थी और जो लिखित संवाद की एक पंक्ति भी स्वयं नहीं पढ़ सकते थे, उनके लिए मैंने संवादों को बोल-बोलकर सुनाना शुरू किया। मुझे यह देखकर आश्चर्य हुआ कि वे बच्चे केवल सुनकर, उस भाव को अपने भीतर उतारकर, संवादों को इतनी सहजता से कंठस्थ कर रहे थे और अपने पूरे शरीर, आँखों और भाव-भंगिमाओं से ऐसा सजीव अभिनय प्रस्तुत कर रहे थे कि देखने वाला दंग रह जाएँ। वहीं दूसरी ओर, जो बच्चे किताबों को फर्राटे से पढ़ लेते थे और कक्षा में होशियार समझे जाते थे, वे मंच पर आने से कतरा रहे थे, झिझक रहे थे और उनके भीतर एक संकोच था। उस एक प्रयोग  ने मुझे सिखाया कि किताबी ज्ञान ही बुद्धि का एकमात्र पैमाना नहीं है; जो बालक अक्षरों के संसार में पीछे छूट गए थे, वे भावों, अनुभूतियों और संवेदनाओं के संसार में कहीं अधिक समृद्ध और उर्वर थे। अंगुलिमाल के क्रूर भावों से लेकर बुद्ध के शांत, गंभीर स्वर को जिस गहराई से उन उपेक्षित बच्चों ने केवल सुनकर अपने अभिनय में ढाला, उसने गिजुभाई के उस विचार पर मुहर लगा दी कि अभिनय के माध्यम से बहुत कुछ सीखा और सिखाया जा सकता है।

'नाटक को नियमित शिक्षण का अंग बनाना होगा'

इस अनुभव ने मेरे भीतर यह विश्वास दृढ़ कर दिया कि विद्यालय में नाटक को नियमित शिक्षण का अंग बनाना होगा। इसी प्रेरणा को स्वीकार करते हुए मैंने अपने शिक्षण में अभिनय को शामिल किया और कक्षा में पहले उन बच्चों को केंद्र में रखा जो सामान्यतः  पिछली पंक्तियों में मौन बैठे रहते थे। हमारे कक्षा के एक कोने में कुछ पुराने गत्ते, रस्सियाँ, अख़बार और पुरानी तौलियाँ आदि रखी रहती हैं। जब गांधी जी के आश्रम की स्वच्छता का प्रसंग आया, तो किसी बच्चे को झाड़ू लगाने का संवाद रटने को नहीं कहा गया; उसने अपने हाथ की टूटी टहनी को ही झाड़ू बना लिया और अपनी ठेठ देशज भाषा में स्वच्छता के प्रति अपने मन की बात कह डाली। बुद्ध और अंगुलिमाल के उसी प्रयोग को जब हमने विद्यालय के अन्य बच्चों के साथ दोहराया, तो हमने पाया कि हिंसा और करुणा के उस द्वंद्व को जीते हुए बच्चों ने जीवन में क्रोध पर नियंत्रण और क्षमा के महत्व को स्वयं ही समझ लिया।

ज्ञान का सहज तरीका

इस सहज नाट्य प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए हम इसे भाषा से लेकर गणित और विज्ञान तक के गूढ़ विषयों से जोड़ रहे हैं। जिन बच्चों से गणित के जोड़-घटाव नहीं होते थे, उनके लिए कक्षा को साप्ताहिक हाट-बाज़ार बनाया और उन्हें सहज तरीके से वस्तुओं के मूल्य जोड़ते हुए देखा। जो पाठ्यपुस्तकों में लिखे सवालों को समझ नहीं पाते थे, कागज़ के रुपयों के साथ सब्ज़ी विक्रेता और ग्राहक का अभिनय करते हुए पाई-पाई का हिसाब चुटकियों में लगाने लगे। उनके लिए वह कोई गणितीय सवाल न होकर रोज़मर्रा की ज़िंदगी का एक खेल था जिसे वे अपने हाव-भाव और बातचीत से संचालित कर रहे थे। इसी प्रकार पर्यावरण और विज्ञान की अवधारणाओं को बच्चों ने स्वयं पेड़, बादल, नदियाँ और सौरमंडल के विभिन्न ग्रह बनकर आत्मसात किया। जब एक बालक ने स्वयं को कटता हुआ दरख्त मानकर अपनी पीड़ा को शब्दों और मुद्राओं में व्यक्त किया, तो पूरी कक्षा में पर्यावरण संरक्षण का जो भाव उमड़ा वह कहीं अधिक प्रभावी था।

उपेक्षित बच्चे सबसे तेज निकले

सबसे बड़ा परिवर्तन उन बच्चों के आत्मसम्मान में देखा गया, जिन्हें समाज और पारंपरिक स्कूली व्यवस्था प्रायः ‘कमजोर’ या ‘धीमी गति से सीखने वाले’ का ठप्पा लगाकर उपेक्षित कर देती है। जब उन बच्चों ने मंच पर तालियाँ बटोरीं, जब उनके स्वाभाविक अभिनय ने शिक्षकों और सहपाठियों को भावविभोर किया, तो उनके भीतर की हीनभावना पलक झपकते ही गायब हो गई। जो बच्चे कल तक नज़रें चुराते थे, वे अब कक्षा में सिर उठाकर बैठने लगे और धीरे-धीरे उनकी यह निर्भीकता उनके पठन-पाठन में भी परिलक्षित होने लगी; वे अब अक्षरों से डरने के बजाय उन्हें जानने के लिए उत्सुक होने लगे क्योंकि उन्हें समझ आ गया था कि उनकी आवाज़ का भी एक मूल्य है। वहीं जो बच्चे पहले संकोच और हिचक के कारण अपनी ही प्रतिभा के खोल में बंद थे, उन्होंने अपने इन तथाकथित कमजोर साथियों की सहजता से प्रेरणा ली और धीरे-धीरे उनके भीतर का संकोच भी कम होने लगा।

आनंदमय शिक्षा

हम यह समझ पाए कि हर व्यक्ति के भीतर अभिव्यक्ति का एक अनोखा रूप छिपा होता है। कोई पढ़कर अच्छा व्यक्त कर सकता है, तो कोई भावों और अभिनय से जीवन की सच्चाई को साकार कर सकता है। गिजुभाई बधेका के ये प्रयोग आज भी उतने ही प्रासंगिक और उपयोगी हैं। इन प्रयोगों ने हमारे विद्यालय को यह सिखाया कि यदि हम शिक्षा को केवल अक्षरों को घोटने की कवायद से मुक्त करके बच्चे की नैसर्गिक संवेदनाओं से जोड़ दें, तो सबसे अंतिम पंक्ति में खड़ा बालक भी अपने भीतर छिपे असीम सामर्थ्य से पूरे परिवेश को आलोकित कर सकता है। यही आनंदमय शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। (युवराज) दुर्गेश्वर राय

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News