

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बढ़ती ठंड को देखते हुए कुछ स्कूलों ने अपने समय में बदलाव किया है, तो कुछ स्कूल बच्चों को प्रॉपर वूलन कपड़े पहनने का निर्देश दे रहे हैं। ऐसा इसलिये क्योंकि महानगर में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। तापमान 10 डिग्री तक पहुंच गया है। स्थिति ऐसी है कि शहर में तापमान अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ता जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य पर असर ना हो और वे इस मौसम में बीमार नहीं हों, इसके लिए कुछ स्कूलों ने समय में परिवर्तन किया है। जैसे कलकत्ता बॉयज स्कूल की ओर से नोटिस जारी कर जानकारी दी गई है कि ठंड की वजह से अगली नोटिस तक स्कूल सुुबह 7.55 के बजाय 8.55 बजे शुरू होगा और स्कूल दोपहर 1.30 बजे समाप्त होगा। ठंडी हवाओं की वजह से विभिन्न स्कूलों में बच्चों को धूप खिलने से पहले प्लेग्राउंड में जाने से मना किया जाता है।
मॉर्निंग असेंबली कराया जा रहा क्लास में
श्री शिक्षायतन स्कूल की प्रिंसिपल संगीता टंडन ने बताया कि ठंड को ध्यान में रखते हुए मॉर्निंग असेंबली कंपाउंड के बजाय क्लासरूम में कराया जा रहा है। हालांकि ठंड के कारण बच्चों की उपस्थिति में मात्र 2 से 3% गिरावट आयी है। उन्होंने बताया कि बच्चों को धूप खिलने के बाद ही कैंपस में खेलने दिया जाता है। हालांकि वे इस ठंड के मौसम को काफी ज्यादा एंजॉय कर रहे हैं। बच्चों को प्रॉपर वूलन कपड़े पहनकर आने की सलाह दी जा रही है। डीपीएस हावड़ा की प्रिंसिपल सुनीता अरोड़ा ने बताया कि ठंड के कारण बच्चों को वूलन कपड़े पहनकर आने को कहा जा रहा है। इसके अलावा अगर बच्चे स्कूल के निर्धारित वूलन कपड़े छोड़कर कोई रंग बिरंगे वूलन कपड़े भी पहनकर आ रहे हैं, तो उन्हें रोका नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य हमारे लिए पहली प्राथमिकता है।