

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : स्टेट जॉइंट एंट्रेंस की तिथि और आवेदन प्रक्रिया को लेकर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पिछले कुछ वर्षों से स्टेट जॉइंट एंट्रेंस बोर्ड उच्च माध्यमिक परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद प्रवेश परीक्षा आयोजित करता रहा है। हालांकि इस वर्ष उच्च माध्यमिक परीक्षा इसी महीने के अंत में समाप्त हो रही है। वहीं, CBSE 12वीं और ISC की परीक्षाएं मार्च में खत्म होंगी। इसके बाद राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जॉइंट एंट्रेंस बोर्ड चुनाव से पहले परीक्षा आयोजित कर पाएगा। बोर्ड या शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में अब तक कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। माना जा रहा है कि यदि स्टेट जॉइंट एंट्रेंस परीक्षा समय पर नहीं हुई और पिछले वर्ष की तरह परिणाम में देरी हुई, तो राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
इस विषय पर जादवपुर विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग विभाग के डीन पार्थ प्रतिम बिस्वास ने कहा कि चुनाव को ध्यान में रखते हुए सरकार को पहले से परीक्षा की योजना बनानी चाहिए थी। पिछले कई वर्षों से परीक्षा में देरी हो रही है, जिसके कारण राज्य के अनेक इंजीनियरिंग छात्र अन्य राज्यों का रुख कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जॉइंट एंट्रेंस बोर्ड के चेयरमैन का पद पिछले लगभग डेढ़ महीने से खाली है। इस वजह से योजना बनाने और महत्वपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।