श्री श्री एकेडमी, अलीपुर में आयोजित हुआ ‘अनसंग हीरोज़ अवॉर्ड्स’ समारोह

श्री श्री एकेडमी, अलीपुर में आयोजित हुआ ‘अनसंग हीरोज़ अवॉर्ड्स’ समारोह
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : अलीपुर स्थित श्री श्री एकेडमी, अलीपुर में द आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा ‘अनसंग हीरोज़ अवॉर्ड्स’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संगठन के 45 वर्षों की सेवा यात्रा तथा गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के 70वें जन्मवर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों की शुरुआत के रूप में भी देखा गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय ऋषि-मुनि परंपरा, आध्यात्मिकता और समाज सेवा की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि द आर्ट ऑफ लिविंग जैसे आंदोलन आधुनिक चुनौतियों के बीच भावनात्मक संतुलन प्रदान करते हैं। पुरस्कार चयन समिति में रूपा गांगुली सहित अन्य विशिष्ट सदस्य शामिल थे।

इस अवसर पर खेल, व्यवसाय एवं परोपकार तथा युवा नेतृत्व श्रेणियों में कोलकाता के कई व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाज में निस्वार्थ सेवा और सकारात्मक परिवर्तन में योगदान दिया है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत पौधारोपण और जल अर्पण जैसे प्रतीकात्मक आयोजन किए गए। साथ ही ‘इंट्यूशन प्रोसेस’ का लाइव प्रदर्शन भी हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

द आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से बताया गया कि संस्था मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और युवा नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में 182 देशों में कार्य कर रही है। इसके साथ ही जेल पुनर्वास कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का भी दावा किया गया। यह ‘अनसंग हीरोज़ अवॉर्ड्स’ पहल समाज के उन कर्मयोगियों को सम्मानित करने का प्रयास है, जो बिना किसी अपेक्षा के समाज सेवा में योगदान देते हैं और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in