सफलता के 3 मंत्र, राज्यपाल ने बताया छात्रों को

कहा मैं यूं ही यहां तक नहीं पहुंचा बताया कितने संघर्ष उन्हाेंने जीवन में देखे लोकभवन में बोर्ड के 130 छात्रों को किया सम्मानित
सफलता के 3 मंत्र, राज्यपाल ने बताया छात्रों को
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने 2026 की माध्यमिक परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम मंगलवार को लोक भवन में आयोजित किया गया था, जहां गवर्नर ने राज्य के विभिन्न जिलों के कुल 130 छात्रों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने सभी छात्रों को उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी और शिक्षकों का अभिनंदन किया। इस दौरान राज्यपाल ने छात्रों के साथ खुलकर बातचीत की। राज्यपाल ने तीन बातों, सपने, दृढ़ संकल्प और अनुशासन पर जोर दिया और अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए। गवर्नर ने बताया कि गांव के स्कूल में अपने बचपन के दौरान, उन्होंने बिजली कभी नहीं देखी थी, कॉलेज के दौरान उन्हें पहली बार रौशनी की दुनिया को देखा।

उस समय रात में छत पर तारों को देखने के दौरान यह सोचता था कि एक दिन मुझे भी ऊंचाई छूनी है। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कई बार राह में मुश्किलें आएंगी, मगर उस समय हार नहीं मानना है। इसी संघर्ष ने उन्हें जिम्मेदारी के उस पद तक पहुंचाया, जहां वे आज हैं। उन्होंने सुबह जल्दी उठने और समय पर सोने की आदत डालने का सुझाव दिया और कहा कि पर्याप्त नींद शरीर और दिमाग दोनों को स्वस्थ रखती है।

इसके अलावा, छोटी-छोटी आदतें, जैसे उठने के बाद अपना बिस्तर खुद ठीक करना, मानसिक मजबूती और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ाने में मदद करती हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अगर किसी की रुचि और क्षमता स्पोर्ट्स में है, तो उसे उसी क्षेत्र पर ध्यान देना चाहिए, लगन और कड़ी मेहनत से एक उज्ज्वल भविष्य बनाना संभव है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि अगर हर नागरिक ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करे और नैतिकता के रास्ते पर चले, तो धीरे-धीरे भ्रष्टाचार-मुक्त समाज बनाना संभव हो जाएगा। इस दौरान राज्यपाल ने जीवन के कई महत्वपूर्ण मूल्यों पर प्रकाश डाला और आत्मविश्वास, दृढ़ता और जिम्मेदारी की भावना के बारे में एक सकारात्मक संदेश दिया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in