SSC : अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू

मंगलवार को 700 से ज्यादा लोगों को बुलाया गया दस्तावेज सत्यापन के लिए नये अभ्यर्थियों के साथ कई पुराने अभ्यर्थी हुए प्रक्रिया में शामिल
SSC : अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (SSC) द्वारा कक्षा 11 और 12 के शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) का चरण मंगलवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गया। इस दौरान मुर्शिदाबाद, हुगली, दक्षिण 24 परगना और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एसएससी कार्यालय पहुंचे। आयोग ने मंगलवार को 700 से ज्यादा उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया था, जिसमें नए और पुराने दोनों तरह के अभ्यर्थी शामिल थे।

सबसे अधिक चर्चा में वे उम्मीदवार रहे जो 2016 के पैनल से जुड़े थे और उच्च न्यायालय के आदेश के बाद अपनी नौकरी खो चुके थे। सत्यापन के लिए पहुंची 2016 बैच की एक अभ्यर्थी ने भावुक होकर कहा, “नौकरी के लिए लगातार संघर्ष करते-करते मैं मानसिक रूप से टूट चुकी हूँ। फिर भी डर लगता है कि आखिर में न्याय मिलेगा या नहीं।” पुराने अभ्यर्थियों का मानना है कि जब एसएससी इतनी सख्ती से दस्तावेजों की जांच कर रहा है, तो जिनका सत्यापन पूरा हो जाए, उन्हें नौकरी मिलने का रास्ता खुलना चाहिए।

उधर, कई नए अभ्यर्थियों ने भी प्रक्रिया में हिस्सा लिया, लेकिन वे असमंजस में दिखाई दिए। एक नए अभ्यर्थी ने बताया, “मैंने नियमानुसार परीक्षा दी और मुझे दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। मगर अनुभव न होने की वजह से मुझे 10 अतिरिक्त अंक नहीं मिलेंगे। ऐसे में हमारे लिए कितना अवसर बचेगा, यह समझ नहीं आ रहा।” इन अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि सरकार रिक्तियों की संख्या बढ़ाए, जिससे अधिक उम्मीदवारों को मौका मिल सके।

दस्तावेज सत्यापन के लिए आयोग कार्यालय में 15 अलग-अलग टेबल लगाए गए थे, जहाँ एक साथ 100 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। हालांकि, अभ्यर्थियों ने यह भी बताया कि सत्यापन के बाद उन्हें किसी रसीद की प्रति नहीं दी गई। अधिकारियों ने उनसे एक रजिस्टर में हस्ताक्षर करवाए और आगे के निर्देश बाद में देने की बात कही। एसएससी की इस प्रक्रिया से उम्मीदवारों में उम्मीद और आशंका दोनों कायम हैं, जबकि भर्ती प्रक्रिया अगले चरण की ओर बढ़ रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in