

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : चुनाव को लेकर विभिन्न स्कूलों में पहली पीरियोडिक असेसमेंट को स्थगित कर दिया गया था। ऐसा इसलिए क्योंकि स्कूल परिसर में बहुत पहले ही सेंट्रल फोर्स पहुंच गई थी, तो कुछ स्कूलों के शिक्षक चुनावी कामों में लगे हुए थे, जिससे परीक्षा आयोजित करना संभव नहीं था। हालांकि चुनाव के बाद भी कई स्कूलों में स्थिति पहले जैसी ही है। कुछ स्कूलों से सेंट्रल फोर्स चले गए हैं, मगर कई में अब भी रह रहे हैं। ऐसा स्कूल मैनेजमेंट की ओर से बताया गया है। हालांकि कई स्कूल ऐसे भी हैं, जहां चुनाव से पहले परीक्षा संपन्न हो गई थी। इसी बीच माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी अकादमिक कैलेंडर के अनुसार 11 मई से गर्मी की छुट्टियां शुरू होने वाली है। ऐसे में जिन स्कूलों में पहली पीरियोडिक असेसमेंट की परीक्षा नहीं हुई है वहा कब होगी यह सवाल बना हुआ है।
क्या कहना है स्कूल मैनेजमेंट का ?
बंडेल महात्मा गांधी हिंदी विद्यालय के हेडमास्टर विजय प्रसाद ने बताया कि 5 अप्रैल को स्कूल में सेंट्रल फोर्स के पहुंचने के बाद परीक्षा स्थगित करनी पड़ी थी। हालांकि अब फोर्स चली गई है, मगर परीक्षा की तिथि निर्धारित नहीं की गई है। गर्मी छुट्टियां भी शुरू होने वाली है, ऐसे में परीक्षा कब लेना है इस बारे में चर्चा चल रही है। कोतलपुर मधुसूदन हाई स्कूल में भी परीक्षा नहीं हो पाई थी, ऐसे में जानकारी मिली है कि जरूरत को देखते हुए, छुट्टियों को टाल दिया जाएगा ताकि पहले परीक्षा कराई जा सके।