

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गुरुवार को माध्यमिक की परीक्षा समाप्त हो गई। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के प्रेसिडेंट रामानुज गंगोपाध्याय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बताया कि पूरी परीक्षा सुचारु और अच्छे ढंग से संपन्न हुई है। हालांकि इस दौरान कुछ अप्रिय घटनाएं भी घटीं, जिसके खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे, मगर परीक्षा संचालन में कोई बाधा नहीं आई।
2 से 12 फरवरी तक जारी परीक्षा में विभिन्न सेंटर्स से कुल 45 परीक्षार्थियों को मोबाइल के साथ पकड़ा गया है, सभी की परीक्षा रद्द कर दी गई है। हालांकि 43 मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं। 176 परीक्षार्थियों ने अस्पताल से परीक्षा दी है। SIR प्रक्रिया की वजह से शिक्षकों की कमी जैसी कोई समस्या सामने नहीं आयी। बोर्ड प्रेसिडेंट ने परीक्षा से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद किया है। उन्होंने यह भी बताया है कि अगले 90 दिनों में परीक्षा के परिणाम घोषित करने की पूरी कोशिश रहेगी।