रानी बिड़ला गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल को किया गया निलंबित

रानी बिड़ला गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल को किया गया निलंबित
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : रानी बिड़ला गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. श्राबंती भट्टाचार्य को शुक्रवार को गवर्निंग बॉडी की अध्यक्ष कजरी बनर्जी ने निलंबित कर दिया। कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के गठन को लेकर मामला फिलहाल कलकत्ता उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। वहीं, सहायक प्रोफेसर प्रीति घटानी को उप-प्राचार्य के पद पर नियुक्त किया गया है और उन्हें प्रिंसिपल की जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं। शुक्रवार को कॉलेज के लेटरहेड पर जारी आदेश में गवर्निंग बॉडी के निर्णय का हवाला दिया गया, जिसमें घटानी को सभी जिम्मेदारियां सौंपने की बात कही गई।

गवर्निंग बॉडी ने श्राबंती भट्टाचार्य पर शिक्षक परिषद के चुनाव से संबंधित कानूनी उल्लंघन और कॉलेज में अशांति फैलाने के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद सर्वसम्मति से उनका निलंबन किया गया। श्राबंती ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिन लोगों ने खुद को गवर्निंग बॉडी का सदस्य बताया था, उन्होंने पुलिस के साथ कॉलेज में आकर यह निर्णय लिया। यह फैसला तब लिया गया जब कॉलेज की गवर्निंग बॉडी का मामला उच्च न्यायालय में लंबित है।

पश्चिम बंगाल कॉलेज एवं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने इस निर्णय पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संघ ने इसे सरकार द्वारा नामित गवर्निंग बॉडी की अध्यक्ष कजरी बनर्जी के निरंकुश और अलोकतांत्रिक कदम के रूप में देखा है। उनका कहना है कि इससे शैक्षिक क्षेत्र में अराजकता का माहौल पैदा होगा। संघ ने कजरी बनर्जी के इस फैसले की कड़ी निंदा की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in