

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद ने राज्य भर के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों को एक निर्देश जारी किया है, जिसमें उनसे कक्षा 11 के प्रश्न पत्रों की प्रतियां मांगी गई हैं। संसद के अध्यक्ष पार्थ कर्मकार ने घोषणा की कि इन जमा किए गए प्रश्न पत्रों के आधार पर विभिन्न विद्यालयों से सर्वश्रेष्ठ प्रश्नों का चयन करके छात्रों के लिए एक प्रश्न बैंक तैयार करने की योजना पर काम चल रहा है। हालांकि, इस पहल से विद्यालय अधिकारियों के बीच काफी खलबली मच गई है। विद्यालय के हेडमास्टरों का मानना है कि कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, तो कुछ स्कूलों में फंड नहीं है। वहीं संसद का दावा है कि इस प्रश्न बैंक को बनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य उन छात्रों को अतिरिक्त लाभ प्रदान करना है, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने की इच्छा रखते हैं। जानकारी के अनुसार वर्तमान में प्रत्येक विद्यालय कक्षा 11 का प्रश्न पत्र स्वतंत्र तैयार करता है। संसद ने इन प्रश्न पत्रों की मांग की है। इसका उद्देश्य यह सत्यापित करना है कि क्या प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम का सख्ती से पालन करते हैं। जानकारी के अनुसार राज्य भर के लगभग 7 हजार विद्यालयों से जमा किए गए प्रश्न पत्रों में से चुने गए प्रश्न उच्च स्तर के होंगे और भविष्य में छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।
दक्षिण 24 परगना स्थित कृष्णचंद्रपुर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक चंदन माइती ने कहा कि हमारे पास कक्षा 11 और 12 के स्तर पर कई विषयों के लिए शिक्षकों की कमी है। ऐसे में, प्रश्न पत्र तैयार करने का काम करना मुश्किल है।