

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : माध्यमिक परीक्षा और SIR दोनों साथ में चल रहे हैं, ऐसे में चिंता थी कि शिक्षकों की कमी के कारण कहीं परीक्षा संचालन में कोई परेशानी न हो। हालांकि कई स्कूल की ओर से बताया गया है कि जहां माध्यमिक परीक्षा का सेंटर नहीं पड़ा था वहां से शिक्षकों की नियुक्ति करके मैनेज किया गया। वहीं कुछ स्कूलों की ओर से बताया गया कि शिक्षकों की कमी के कारण परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र वितरण, सीटिंग अरेंजमेंट और अन्य कामों में परेशानी हुई। परीक्षा के दौरान कई विशेष प्रक्रियाएं होती हैं, जिसमें शिक्षकों की भूमिका विशेष होती है। ऐसे में स्कूल मैनेजमेंट का कहना है कि स्कूल से कई शिक्षक SIR में BLO के तौर पर काम कर रहे हैं, जिससे स्कूलों में शिक्षकों की कमी हो गई है। वहीं कई पेपरवर्क्स होते हैं, जो ग्रुप C लेवल के स्टाफ करते हैं, मगर कुछ स्कूलाें में 1 से 2 स्टाफ ही बचे हैं। कई मामलों में तो शिक्षकों को ही ग्रुप C और D का काम करना पड़ रहा है।
अन्य स्कूलों से बुलाया गया प्रतिनिधियों को
कुछ स्कूल के हेडमास्टरों ने बताया कि DI की ओर से कहा गया है कि जिन स्कूलों को माध्यमिक परीक्षा के केंद्र के रूप में नहीं चुना गया है, वहां से प्रतिनिधियों की नियुक्ति परीक्षा केंद्र वाले स्कूलों में की जाएगी। ऐसे में शिक्षक और शिक्षाकर्मी नहीं हाेने की वजह से पास के स्कूलों से प्रतिनिधियों को नियुक्त करके काम को मैनेज किया गया। मालूम हो कि भ्रष्टाचार के आरोप में कोर्ट के निर्देश पर SSC 2016 के पूरे पैनल को रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद लगभग 26 हजार लोगों की नौकरी चली गई थी। इस घटना के बाद यह पहला साल है, जब पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा आयोजित की गई है। साथ में SIR का काम भी चल रहा है, जिसमें ज्यादातर शिक्षक BLO के तौर पर काम कर रहे हैं।
क्या कहना है स्कूल मैनेजमेंट का?
दमदम बापूजी कॉलोनी आदर्श बुनियादी विद्या मंदिर के हेडमास्टर और दमदम साउथ के सेंटर सेक्रटरी देवब्रत सिन्हा ने बताया कि परीक्षा के दौरान शिक्षकों की कमी चुनाैती बन गई है। कम शिक्षक होने की वजह से दूसरे स्कूल से 3 से 4 शिक्षकों को परीक्षा ड्यूटी के लिए नियुक्त किया गया है। आर्य परिषद स्कूल के टीचर इंचार्ज भगवान सिंह ने बताया कि स्कूल के कई शिक्षक BLO के काम में लगे हुए हैं, ऐसे में लगभग 8 शिक्षकों काे दूसरे स्कूल से नियुक्त किया गया और काफी ज्यादा को-ऑपरेशन किया गया।