

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : अब बच्चों को स्कूल बैग का अतिरिक्त बाेझ नहीं उठाना पड़ेगा। बच्चों के कंधों पर बढ़ते स्कूल बैग के बोझ को कम करने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है। अक्सर देखा जाता है कि भारी बस्तों के बोझ के तले बच्चे झुककर चलने को मजबूर हो जाते हैं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत निर्धारित ‘स्कूल बैग नीति’ को सख्ती से लागू करने का निर्देश जारी किया है।
छात्रों के बैग के लिए वजन की कुछ खास सीमाएं तय
ऐसे में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के छात्रों के बैग के लिए वजन की कुछ खास सीमाएं भी तय की गई है। तक के छात्रों के बैग के लिए वजन की कुछ खास सीमाएं तय की गई हैं। कक्षा 1 के छात्रों के लिए बैग का अनुमानित वजन 1.6 किलोग्राम से 2.2 किलोग्राम के बीच है। कक्षा 6 के छात्रों के लिए यह सीमा 2 से 3 किलोग्राम के बीच है। कक्षा 12 के छात्रों के लिए बैग का अधिकतम अनुमानित 5 किलोग्राम है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि प्री-प्राइमरी छात्रों को स्कूल बैग ले जाने की जरूरत नहीं है। विशेष जरूरतों वाले छात्रों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं, जिसमें स्कूल परिसर के अंदर लॉकर की सुविधा देना भी शामिल है। स्कूलों को पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान 10 दिन "नो बैग डे" के तौर पर मनाने की सलाह दी गई है।