माध्यमिक परीक्षा का पहला दिन, नर्वस लेकिन उम्मीद से भरे दिखे छात्र

परीक्षा को लेकर छात्रों में दिखा उत्साह और घबराहट
माध्यमिक परीक्षा का पहला दिन, नर्वस लेकिन उम्मीद से भरे दिखे छात्र
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जीवन में पहली बार कोई नया काम करते समय उत्साह और घबराहट दोनों का होना स्वाभाविक है। ऐसा ही कुछ हाल परीक्षार्थियों के चेहरे पर परीक्षा केंद्र के बाहर दिखा। सोमवार को माध्यमिक परीक्षा शुरू हो गई और परीक्षार्थी अपने जीवन का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव, यानी माध्यमिक परीक्षा देने के लिए केंद्रों पर पहुंचे। कई छात्रों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद थे। कहते हैं ना, किसी भी छात्र की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का बहुत बड़ा योगदान और संर्घष होता है, यह परीक्षा केंद्रों के बाहर साफ दिखाई दे रहा था। पहले दिन फर्स्ट लैंग्वेज की परीक्षा थी। इस दिन सन्मार्ग की टीम श्यामबाजार ए.वी. स्कूल पहुंची, तो स्कूलों के सामने स्टूडेंट्स की परीक्षा से पहले आखिरी मिनट की तैयारियों की तस्वीरें देखने को मिली।

आखिरी मिनटों की तैयारी में जुटे थे छात्र

कोई नोटबुक लेकर रिविजन में जुटा था, तो कोई मार्क किए गए महत्वपूर्ण टॉपिक्स पर एक नजर डाल रहा था। इस दौरान कुछ छात्रों का कहना था, कि परीक्षा के आखिरी मिनट बचे हैं, थोड़ा नर्वस हूं, मगर पूरी तैयारी के साथ अच्छे से परीक्षा दूंगा । विभिन्न स्कूलों के सामने ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए प्रशासन ने पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात किये थे। स्कूलों में परीक्षा सुचारु और ठीक तरह से संपन्न हो, इसकी पूरी व्यवस्था की गई थी। परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड चेक करने के बाद उन्हें अंदर जाने दिया जा रहा था। कई सेंटर्स के बाहर एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें भी तैनात थीं। साथ ही अभिभावकों के बैठने के लिए शेड बनाया गया था।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई

वहीं पुलिस यह पक्का कर रही है कि कोई भी मोबाइल फोन से लेकर कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ईयर प्लग और किसी भी तरह का ब्लूटूथ लेकर परीक्षा केंद्र में न घुसे। इसके अलावा अगर किसी कैंडिडेट की पानी की बोतल पर भी काेई लेबल लगा था, तो उसे हटाकर अंदर जाने दिया गया।

कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने दी शुभकामनाएं

इस दिन कोलकाता पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार ने भी स्कूलों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि छात्राें की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हमने 9432610039, हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया है। अगर किसी परीक्षार्थी को कहीं कोई दिक्कत होती है, तो उसकी पूरी मदद की जाएगी।

परीक्षार्थियों ने कहा, आसान रहा प्रश्न पत्र

परीक्षा देने के बाद परीक्षा केंद्रों से बाहर आने पर परीक्षार्थियों के चेहरे खिले हुए देखने को मिले। अधिकांश छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र काफी आसान था। प्रश्नपत्र अधिक लंबा नहीं होने के कारण सभी प्रश्नों को हल करने का पर्याप्त समय मिला, जिससे परीक्षा देना उनके लिए सहज रहा। हालांकि कुछ छात्रों ने कहा कि समय कम पड़ जाने की वजह से कुछ अंकों के प्रश्न छूट गए। परीक्षा देने आए छात्र शुभम ठाकुर ने बताया कि परीक्षा काफी अच्छी रही। सभी प्रश्न सिलेबस के अंदर से आए थे, इसलिए सभी प्रश्नों काे अटेंप्ट करने में कोई परेशानी नहीं हुई। अभिषेक नाम के छात्र ने बताया कि प्रश्न आसान थे। निर्धारित समय के अंदर सभी प्रश्नों के उत्तर लिख लिये थे। परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे अभिभावकों ने कहा कि बस प्रार्थना कर रहे हैं कि बच्चे ने जो पढ़ा है, वो अच्छी तरह से लिख कर आए। हम उनका हौसला बढ़ाने के लिए आए हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in