

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : शिक्षा जीवन में छात्रों के लिए पहला बड़ा पड़ाव माध्यमिक परीक्षा होती है। ऐसे में सोमवार को 2026 माध्यमिक की परीक्षा शुरू हुई। इस बार माध्यमिक परीक्षा के लिए 9 लाख 71 हजार कैंडिडेट्स ने नामांकन कराया है। परीक्षा कुल 2682 केंद्रों में आयोजित की गई है। बोर्ड के नियमों के मुताबिक सुबह 10 बजे से स्टूडेंट्स को परीक्षा केंद्र में जाने दिया गया। इस दिन देखा गया कि विभिन्न स्कूलों के सामने ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए प्रशासन ने पर्याप्त पुलिस तैनात किये थे। इसके अलावा सेंटर्स के बाहर एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें भी तैनात थी। केंद्रों पर अनुसाशन और सुरक्षा का खास ध्यान दिया गया था। परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड चेक करने के बाद उन्हें अंदर जाने दिया जा रहा था। पुलिस यह पक्का कर रही है कि कोई भी मोबाइल फोन से लेकर कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ईयर प्लग और किसी भी तरह का ब्लूटूथ लेकर परीक्षा केंद्र में न घुसे। इसके अलावा अगर किसी कैंडिडेट की पानी की बोतल पर भी काेई लेबल लगा था, तो उसे हटाकर अंदर जाने दिया गया।
कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने दी शुभकामनाएं
इस दिन सुबह से ही पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग स्कूलों का दौरा किया। इसके साथ ही कोलकाता पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार ने भी स्कूलों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि छात्राें की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हमने 9432610039, हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया है। अगर किसी परीक्षार्थी को कहीं कोई दिक्कत होती है, तो उसकी पूरी मदद की जाएगी।
आखिरी मिनटों में पन्ने पलटते दिखे बच्चे
स्कूलों के सामने स्टूडेंट्स की परीक्षा से पहले आखिरी मिनट की तैयारियों की तस्वीरें देखी गईं। कोई नोटबुक लेकर रिविजन में जुटा था, तो कोई मार्क किए गए महत्वपूर्ण टॉपिक्स पर एक नजर डाल रहा था। इस दौरान कुछ छात्रों का कहना था कि परीक्षा के आखिरी मिनट बचे हैं, थोड़ा नर्वस हूं, मगर पूरी तैयारी के साथ अच्छे से परीक्षा दूंगी।