अब होगी जेयू में सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति, 7.51 लाख रुपये आवंटित
प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) में लंबे समय से अटकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को राज्य सरकार के वित्त विभाग ने विश्वविद्यालय को 7 लाख 51 हजार रुपये आवंटित किए, जिससे सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति की प्रक्रिया अब बिना किसी बाधा के शुरू हो सकेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंज़ूरी मिल जाने के बाद जेयू में सुरक्षा इंतज़ामों के सुधार का रास्ता साफ हो गया है।
इससे पहले अक्टूबर माह में कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर राज्य सरकार और जेयू अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। उस बैठक में विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति पर विशेष चर्चा की गई थी। यह भी उल्लेखनीय है कि जेयू के दोनों परिसरों में 70 सीसीटीवी कैमरे लगाने का मामला हाल ही में सुलझ गया था।
नए कुलपति चिरंजीव भट्टाचार्य, जो इसी महीने पदभार संभाले हैं, ने कार्यभार ग्रहण करते ही विश्वविद्यालय में सुरक्षा संबंधी लंबित मुद्दों को प्राथमिकता दी है। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “बैठक के बाद हम वित्त विभाग की अनुमति की प्रतीक्षा कर रहे थे। अनुमति मिलते ही गुरुवार को विश्वविद्यालय को इसकी सूचना दे दी गई।”
जेयू में वर्तमान सुरक्षा स्थिति चिंताजनक बताई गई है। विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, परिसर में स्थायी सुरक्षा गार्डों के 130 स्वीकृत पद हैं, लेकिन अभी केवल 78 गार्ड ही कार्यरत हैं। यानी 52 पद रिक्त हैं, जिनमें दो पर्यवेक्षक स्तर के पद भी शामिल हैं। इन पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके साथ ही, विश्वविद्यालय प्रशासन ने निजी एजेंसियों के माध्यम से अस्थायी सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति का प्रस्ताव भी रखा था, ताकि रिक्तियों की वजह से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। नए आवंटन के साथ उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में जेयू की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो सकेगी।

