

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जादवपुर यूनिवर्सिटी के प्लेसमेंट और ट्रेनिंग सेल के कामकाज को लेकर लगे कई आरोपों की जांच के लिए बनी एक कमेटी ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंप दी है। जानकारी के अनुसार यह रिपोर्ट वाइस-चांसलर चिरंजीब भट्टाचार्य को दी गई है। कमेटी ने अधिकारियों से तुरंत और सही कदम उठाने को कहा है, ताकि यूनिवर्सिटी के प्लेसमेंट इतिहास, प्रतिष्ठा और पारदर्शिता पर कोई आंच न आए। यूनिवर्सिटी सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम को प्लेसमेंट ऑफिसर द्वारा दिए गए भर्ती से जुड़े डेटा में बड़ी गड़बड़ियां मिलीं।
कमेटी ने पाया कि नौकरी के ऑफर और आने वाली रिक्रूटर कंपनियों की संख्या के बारे में जो आंकड़े बताए गए थे, वे असलियत से मेल नहीं खाते थे। ऐसी घटनाओं से कॉर्पोरेट जगत में यूनिवर्सिटी की अच्छी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। इस मामले पर यूनिवर्सिटी की ओर से बताया गया है कि पहले पूरी रिपोर्ट देखी जाएगी फिर कोई फैसला लिया जाएगा।