आज होगा जेयू में आईसीसी स्टूडेंट्स रिप्रेजेंटेटिव चुनाव, 2 चरणों में होगा मतदान

आज होगा जेयू में आईसीसी स्टूडेंट्स रिप्रेजेंटेटिव चुनाव, 2 चरणों में होगा मतदान
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जेयू की ओर से आईसीसी स्टूडेंट्स रिप्रेजेंटेटिव चुनाव 2026 को लेकर वेबसाइट पर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। सर्कुलर के अनुसार यह चुनाव आज, बुधवार को आयोजित किया जाएगा। चुनाव का समय दो चरणों में निर्धारित किया गया है। इसमें पहला चरण दोपहर 12 से 3 बजे तक और दूसरा चरण शाम 6 से 8 बजे तक होगा। यह चुनाव फैकल्टी काउंसिल ऑफ आर्ट्स और फैकल्टी काउंसिल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अंतर्गत आने वाले विभागों के लिए आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उक्त दोनों फैकल्टी काउंसिल्स के अंतर्गत आने वाले सभी विभागों की कक्षाएं इस दिन निर्धारित समयावधि के दौरान स्थगित रहेंगी। जेयू के रजिस्ट्रार सलीम बॉक्स मंडल की ओर से जारी इस सूचना में सभी संबंधितों को जानकारी दी गई है।

संयम, मर्यादा व आपसी सम्मान की भावना के साथ चुनावी प्रक्रिया में भाग लें : वीसी

जेयू के वीसी चिरंजीब भट्टाचार्या ने कहा, आगामी ICC चुनावों के अवसर पर मैं आप सभी से विनम्र अपील करता हूं कि हमारी इस महान विरासत को सहेजने में आप सब मिलकर सहयोग करें। उन्होंने वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन के माध्यम से कहा कि विचारों में मतभेद टकराव या अशांति का रूप न ले लें। इसलिए, मैं आप में से प्रत्येक से विनम्र अनुरोध करता हूं कि आप संयम, मर्यादा और आपसी सम्मान की भावना के साथ चुनावी प्रक्रिया में भाग लें और इस प्रकार परिसर में शांति और सद्भाव के माहौल को बनाए रखें।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in