

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : उच्च माध्यमिक के चौथे और आखिरी सेमेस्टर की परीक्षा 12 फरवरी, गुरुवार से शुरू होकर 27 फरवरी तक जारी रहेगी। हालांकि इस बार सेमेस्टर-4 के साथ सेमेस्टर-3 की सप्लीमेंट्री और ओल्ड सिस्टम की उच्च माध्यमिक परीक्षा आयोजित होने जा रही है। इस बार तीनों परिक्षाओं में कुल परिक्षार्थियों की संख्या 7 लाख 10 हजार 811 है, जिसमें छात्रों की संख्या 3,15,732 और छात्राओं की संख्या 3,95,079 है। देखा जा रहा है कि इस बार छात्राओं की संख्या छात्रों से 79,347 अधिक है। प्रतिशत के आधार पर छात्र 44.40% और छात्राएं 55.60% हैं। परीक्षा में 23 ज़िलों से कुल 6,837 स्कूल पार्टिसिपेट कर रहे हैं। इसकी जानकारी सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद के प्रेसिडेंट चिरंजीव भट्टाचार्य ने दी। उन्होंने बताया कि सेमेस्टर-4 में कुल 6,35,864 परिक्षार्थी हैं, जिसमें छात्र 2,82,782 और छात्राएं 3,53,082 हैं। वहीं सेमेस्टर-3 की सप्लीमेंट्री में परिक्षार्थियों की संख्या 59,452 और ओल्ड सिस्टम की उच्च माध्यमिक परीक्षा में परिक्षार्थियों की संख्या 15,495 है।
कितने वेन्यू पर होगी परीक्षा?
संसद की ओर से बताया गया है कि पूरे राज्य में कुल 2,103 सेंटर्स पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें कोलकाता के 134 और हावड़ा के 91 सेंटर्स हैं। इस बार कुल 104 सेंटर्स को सेंसिटिव वेन्यू के तौर पर चुना गया है। सेमेस्टर-4 की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। म्यूजिक, विजुअल आर्ट्स और वोकेशनल सब्जेक्ट्स की परीक्षा सुबह 10 से 11:15 बजे तक चलेंगे। वहीं सेमेस्टर-3 की परीक्षा दोपहर 1 से 2:15 बजे तक चलेगी और ओल्ड सिस्टम की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 1:15 बजे तक चलेगी। परीक्षा के निर्धारित समय समय से 10 मिनट पहले परिक्षार्थियों के बीच प्रश्न पत्र बांटा जाएगा।
तीन अलग-अलग रंगों में होगा प्रश्न पत्र
संसद की ओर से बताया गया है कि सेमेस्टर-4 परीक्षा का प्रश्न पत्र सादा, सेमेस्टर-3 की सप्लीमेंट्री परीक्षा की ओएमआर शीट येलो और ओल्ड सिस्टम की परीक्षा का प्रश्न पत्र ब्लू रंग का होगा। सेमेस्टर-4 का आंसर शीट 12 पेज और ओल्ड सिस्टम की परीक्षा की आंसर शीट 8 पेज की होगी।
सुरक्षा का रखा जाएगा पूरा ध्यान
संसद की ओर से बताया गया है कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा और अनुसाशन का पूरा ध्यान रखा जाएगा। मेटल डिटेक्टर से चेकिंग के बाद ही परिक्षार्थियाें को सेंटर में प्रवेश करने दिया जाएगा। खास तौर पर एंट्री गेट और वेन्यू सुपरवाइजर के कमरे (कॉन्फिडेंशियल रूम) में CCTV सर्विलांस होगा। नियम के अनुसार किसी भी परीक्षार्थी के पास से मोबाइल या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक यंत्र पकड़े जाने पर शख्त कदम उठाया जाएगा। नियम के अनुसार सिर्फ ओल्ड सिस्टम की उच्च माध्यमिक परीक्षा देने वाले परिक्षार्थियों को कैलकुलेटर का इस्तेमाल करने की छूट होगी। प्रश्न पत्र क्लास में परिक्षार्थियों के सामने खोला जाएगा, यह 4 भाषाओं में उपलब्ध होगा।