

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : स्कूलों में वितरित किये गए यूनिफॉर्म, काले जूते और स्कूल बैग की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने निरीक्षण के निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देश में कहा गया है कि यूनिफॉर्म, काले जूते और स्कूल बैग की क्वालिटी कैसी है, इसकी जांच की जाएगी। निरीक्षण के बाद इसकी विस्तृत रिपोर्ट 15 अप्रैल 2026 तक संबंधित कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। शिक्षा विभाग के इस कदम को स्कूलों में वितरित सामग्रियों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
इस बारे में बांगीय शिक्षक व शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव, स्वपन मंडल ने कहा, इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पूरी तरह से चुनावी है। यदि छात्रों को सरकार द्वारा दिए जाने वाले ये लाभ नहीं मिले हैं, तो इसका असर उनके माता-पिता के वोट डालने के तरीके पर पड़ सकता है। उन्होंने तर्क दिया कि स्कूलों में कई तरह की व्यवस्थागत समस्याएं मौजूद हैं, फिर भी उनकी लगातार अनदेखी की जा रही है।