पोर्टल खुलने के बावजूद अब तक केवल 30 से 35 शिक्षकों ने किया आवेदन

पोर्टल खुलने के बावजूद अब तक केवल 30 से 35 शिक्षकों ने किया आवेदन
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शिक्षक भर्ती आवेदन के लिए पोर्टल पहले ही खोल दिया गया है। एसएससी सूत्रों के अनुसार, पोर्टल 24 अगस्त को शुरू किया गया था, लेकिन 9 दिनों में केवल 30 से 35 आवेदकों ने ही आवेदन किया है। इसके अलावा, स्कूल सेवा आयोग ने कहा कि आवेदन पत्र भरने में लापरवाही के कारण एडमिट कार्ड में भी समस्या आ रही है। 9वीं, 10वीं और 11वीं,12वीं के शिक्षकों की भर्ती के लिए आवेदन पत्र भरने हेतु सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पोर्टल शुरू किया गया था। एसएससी ने 24 अगस्त से आवेदन पोर्टल खोल दिया है।

इसके बावजूद 9 दिनों में केवल 30 से 35 आवेदकों ने ही इस प्रक्रिया के लिए आवेदन किया है। वैसे, एसएससी ने पहले ही सूचित कर दिया था कि जो लोग आवेदन करने वाले थे, उन्होंने पहले ही आवेदन कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पोर्टल फिर से खोले जाने के बाद भी अब तक इतनी ही संख्या में आवेदन जमा हुए हैं। आवेदकों को 3 तारीख को एडमिट कार्ड दिए जाएंगे। एसएससी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 7 और 14 सितंबर को आयोजित करेगा।

इसके अलावा, एसएससी ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने में लापरवाही के कारण एडमिट कार्ड पर हस्ताक्षर या फोटो गायब होने जैसी समस्या आयी। कई मामलों में, उम्मीदवार फॉर्म सही ढंग से नहीं भर पाए। इसी वजह से यह समस्या आ रही है। एसएससी ने फॉर्म भरने के लिए एक महीने से ज्यादा का समय दिया था। आवेदन पत्र जमा करने के बाद उसकी जांच के लिए भी अतिरिक्त समय दिया गया था। लगभग 1500 उम्मीदवारों ने गलतियों को सुधारने के लिए आवेदन पत्र में सुधार भी किया।

आवेदन में समस्या होने कई पहुंचे एसएससी भवन

सोमवार दोपहर को देखा गया कि कई आवेदक स्कूल सेवा आयोग कार्यालय में उपस्थित हुए थे। उनका आरोप था कि वे 9वीं और 10वीं में कार्यरत थे। इस बार वे नई परीक्षा में 11वीं और 12वीं के लिए आवेदन करना चाहते हैं। वे ऑनलाइन आवेदन भी नहीं कर पाए। वे उस दिन सभी दस्तावेजों के साथ एसएससी कार्यालय में उपस्थित हुए। लेकिन वहां भी कोई अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिली। एक आवेदक ने बताया कि उन्होंने एसएससी से अनुरोध किया था कि वह लिखकर दे कि इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। पात्र उम्मीदवारों ने सोमवार को सभी पत्रों की प्रतियों के साथ आवेदन किया। गौरतलब है कि 29 अगस्त के आदेश में कहा गया था कि पात्र उम्मीदवारों को दोनों मामलों में छूट मिलेगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in