

सन्मार्ग संवाददाता
मिदनापुर : विद्यासागर विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में विद्यार्थियों को दक्ष बनाने की दिशा में रोबोटिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर सर्टिफिकेट कोर्स की शुरुआत की गई। विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग ने कौशल विकास केंद्र और मेकाट्रियम के सहयोग से इस पाठ्यक्रम की शुरुआत की है। इसका उद्घाटन विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के सेमिनार कक्ष में कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर ने किया। उन्होंने पौधे में पानी डालकर पारंपरिक तरीके से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि वर्तमान दौर में रोबोटिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे कौशल आधारित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों की अकादमिक शिक्षा और उद्योगों की व्यावहारिक जरूरतों के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार हो सकेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुतानु दत्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पाठ्यक्रम के उद्देश्य, संरचना और अवधि की जानकारी दी। विज्ञान संकाय के डीन प्रो. परेश चंद्र जाना और कौशल विकास केंद्र के संयुक्त समन्वयक प्रो. शंकर कुमार रॉय ने रोजगार के लिए तकनीकी दक्षता को आवश्यक बताया।
मेकाट्रियम के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। पाठ्यक्रम में रोबोटिक्स, एम्बेडेड सिस्टम, सेंसर, प्रोग्रामिंग, मशीन लर्निंग और एआई आधारित परियोजनाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल है। बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी और विभिन्न विभागों के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुष्मिता बाला ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुभाष चंद्र साहा ने दिया।
दूसरी ओर, विद्यासागर विश्वविद्यालय का सेंटर फॉर आदिवासी स्टडीज एंड म्यूजियम कोलकाता स्थित भारतीय संग्रहालय में आयोजित ‘जल, जंगल, जमीन : ए गैदरिंग ऑफ इंडिजिनस वॉयसेस’ प्रदर्शनी में भाग ले रहा है। विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी में पूर्वी भारत के विभिन्न आदिवासी समुदायों की कला, सांस्कृतिक वस्तुओं और परंपराओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
केसीसी द्वारा भारतीय संग्रहालय, कोलकाता और पश्चिम बंगाल म्यूजियम एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस सप्ताहव्यापी कार्यक्रम में देशभर के 30 से अधिक संग्रहालय हिस्सा ले रहे हैं। प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक दर्शकों के लिए खुली है। इसमें सांस्कृतिक धरोहर, मौखिक इतिहास, भूमि और सामुदायिक स्मृतियों के आपसी संबंधों को सामने लाने के साथ विरासत संरक्षण और संग्रहालयों की भूमिका पर भी चर्चा की जा रही है।