CBSE : क्लास 11-12 के प्रैक्टिकल एग्जाम का शेड्यूल जारी

1 से 14 जनवरी तक पूरा करना होगा एग्जाम
CBSE : क्लास 11-12 के प्रैक्टिकल एग्जाम का शेड्यूल जारी
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने क्लास 11 और 12 के प्रैक्टिकल एग्जाम 2026 के लिए महत्वपूर्ण घोषणा कर दी है। बोर्ड ने हाल ही में जारी अधिसूचना में बताया कि सभी स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षा, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट 1 जनवरी से 14 जनवरी 2026 के बीच आयोजित कर पूरा करना होगा। यह पूरा शेड्यूल देशभर के CBSE से संबद्ध स्कूलों पर लागू होगा।

बोर्ड के अनुसार, क्लास 11 में उपलब्ध 83 विषयों में से 31 विषयों में प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि क्लास 12 में 121 विषयों में से 71 विषयों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा अनिवार्य होगी। भाषा और साहित्य सहित आर्ट्स स्ट्रीम के कई विषयों में बाहरी परीक्षक (External Examiner) की नियुक्ति नहीं की जाएगी, वहीं म्यूजिक, डांस, साइंस, कॉमर्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े विषयों में अनिवार्य रूप से बाहरी परीक्षक मौजूद रहेंगे।

CBSE ने स्कूलों को परीक्षा प्रक्रिया समय पर समाप्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रैक्टिकल मार्क्स निर्धारित समय सीमा में बोर्ड तक भेजे जा सकें। बोर्ड ने इसके लिए एक विस्तृत ड्राफ्ट भी जारी किया है, जिसमें उन सूचनाओं की पूरी सूची दी गई है जो स्कूलों को जमा करनी होंगी। इसमें छात्रों की कक्षा, विषय का नाम व कोड, थ्योरी, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंक, परीक्षक की उपस्थिति, अलग प्रैक्टिकल बुक का उपयोग, तथा थ्योरी परीक्षा में उपयोग की गई उत्तर पुस्तिका से जुड़ी जानकारी अनिवार्य रूप से शामिल होगी। बोर्ड का कहना है कि निर्धारित शेड्यूल का पालन करना सभी स्कूलों के लिए जरूरी है, ताकि मुख्य बोर्ड परीक्षाओं से पहले सभी प्रक्रियाएँ व्यवस्थित और समय पर पूरी की जा सकें। CBSE की इस घोषणा के बाद स्कूलों ने अपनी आंतरिक तैयारी भी तेज कर दी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in