

आधुनिक लाइफस्टाइल ने अधिकतर लोगों को आराम के साथ परेशानियां भी दी हैं। सबसे बड़ी परेशानी आलस्य की है। आलसी स्वभाव का परिणाम मोटापा होता है और मोटापा कई परेशानियों का मुख्य कारण है सभी जानते हैं।
वैसे नई पीढ़ी अब अधिक जागरूक हुई है। जिम जाना, नियमित व्यायाम करना उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल का एक हिस्सा बना लिया है पर लेट नाइट पार्टीज और कंप्यूटर के सामने घंटों बैठ कर काम करना उनकी मजबूरी है, इसलिए उनका वजन आसानी से कम नहीं होता, हां स्थिर जरूर रहता है। अब नई पीढ़ी अपने खाने पीने पर भी ध्यान अधिक देती है। फिर भी मोटापा उनका पीछा नहीं छोड़ता। आइये देखें कुछ आसान घरेलू नुस्खे जिन्हें अपना कर आप अपने बेली फैट को अधिक नियंत्रण में रख सकते हैं:-
करें प्रातःकाल की शुरुआत नींबू पानी से:-
प्रातः खाली पेट नींबू पानी पीने से फैट काबू में रहता है। 1 गिलास गुनगुने पानी में एक नींबू और थोड़ा सा नमक मिलाएं और खाली पेट इसका नियमित सेवन करें। ध्यान दें नींबू पानी लेने के आधे घंटे तक कुछ खाएं नहीं। नींबू पानी वजन को कम करने में सहायक होता है। इसे आजमाएं।
मैदे की ब्रेड और सफेद चावल को कहें बॉय:-
अगर आप मोटे हैं तो मैदे की सफेद ब्रेड और सफेद चावल का सेवन न करें। उसके स्थान पर होल ग्रेन ब्रेड, ब्राउन ब्रेड और ब्राउन राइस का सेवन करें। ब्राउन ब्रेड, ब्राउन राइस, गेहूं और अन्य मोटे अनाज का दलिया, ओट्स और चोकरयुक्त चपाती सेहतमंद और पतले रहने हेतु फायदेमंद होते हैं। अगर पेट कम करना है तो इनका नियमित सेवन करें।
मीठे को रखें घर से और प्लेट से बाहर:-
बटर, घी, फुलक्रीम, दूध, फास्ट फूड ही मोटापा नहीं बढ़ाते, मीठे का भी बहुत बड़ा रोल है आपका मोटापा बढ़ाने में। उन चीजों का प्रयोग तो करना ही बहुत कम है साथ में मिठाई, पैक्डजूस, कोल्ड ड्रिंक्स, चाकलेट, केक, पेस्ट्रीज, स्वीट डिश, आइसक्रीम को भी अपनी खाने की प्लेट मेंस्थान नहीं देना है। बहुत अधिक मन करने पर एक दो चम्मच बस स्वाद के लिए लें और अगले मील में कटौती कर कैलोरी बराबर कर लें। मीठे से दूरी बनाना ही आपके लिए बेहतर होगा।
पीएं पानी ज्यादा:-
पानी हमारे लिए अमृत है। इसके सेवन से शरीर से विषैले पदार्थ बाहर निकलते हैं और हमारी कई शारीरिक समस्याएं पानी के सेवन से दूर होती हैं। दिन भर में साफ पानी 8 से 10 गिलास पीएं।
फिट भी रहेंगे और वजन भी नहीं बढ़ेगा। पानी हमारे मेटाबॉलिज्म सिस्टम को भी ठीक रखता है।
फ्रूट्स और सलाद को अपनी डाइट में करें शामिलः-
अगर आप चाहते हैं अपने पेट के आकार को सही रखना तो दिन में कम से कम दो सर्विंग्स ताजे फ्रूट्स और सलाद की लें। सलाद हेतु हरी सब्जियों को आधा घंटा पहले पानी में भिगो दें और फिर रगड़ कर धोकर, पोंछकर काटें। इसी प्रकार फल भी धो कर पोंछ कर खाएं। फ्रूट्स और सलाद से शरीर को विटामिंस, मिनरल्स और फाइबर मिलता है। फाइबर हमारे शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालने में मदद करता है। इनके सेवन से शरीर का मेटाबाॅलिज्म बढ़ता है और वजन कंट्रोल रहता है। सुदर्शन चौधरी(स्वास्थ्य दर्पण)