

सारा दिन शरीर चुस्त दुरुस्त रहे, इसके लिए यह आवश्यक है कि सुबह ब्रेकफास्ट जरूर लिया जाए क्योंकि रात्रि के खाने के बाद प्रातः उठने तक दो भोजनों में काफी अन्तराल हो जाता है। इसलिए शरीर में ऊर्जा बनाए रखने के लिए प्रातः का पहला मील ब्रेकफास्ट जरूरी है।
दिन भर की भागदौड़ और काम की आपाधापी में दिन में भोजन कभी-कभी देरी से होता है। यदि हमने सुबह पौष्टिक नाश्ता न किया हो तो हमारे शरीर में भागदौड़ करने की शक्ति क्षीण हो जाएगी और हम धीरे-धीरे निर्बल होते चले जाएंगे। सुबह का ब्रेकफास्ट शरीर को क्या लाभ पहुंचाता है? आइए देखें:-
ब्रेकफास्ट से हमारे शरीर को ग्लूकोज मिलता है जो हमारे दिमाग को फिट और जागरूक रखने के लिए अति आवश्यक होता है।
सुबह के नाश्ते से हमें कई पोषक तत्व और विटामिन मिलते हैं जो हमारे शरीर को एनर्जेटिक बनाए रखते हैं।
अपनी याददाश्त बनाए रखने के लिए भी ब्रेकफास्ट का लेना जरूरी होता है।
जो लोग पौष्टिक ब्रेकफास्ट प्रतिदिन लेते हैं, उनकी काम करने की क्षमता अधिक होती है।
प्रतिदिन ब्रेकफास्ट लेने वाले लोगों का कोलेस्ट्रॉल लेवल भी ठीक रहता है।
ब्रेकफास्ट करने से हमारा मेटाबॉलिक रेट दिनभर अधिक रहता है जो फैट्स को बढ़ने से रोकता है।
यदि बच्चे भी प्रातः ब्रेकफास्ट करें तो उनका दिमाग पढ़ाई में ज्यादा लगता है और सुस्ती भी दूर रहती है।
एनर्जेटिक ब्रेकफास्ट
सर्दियों में एक गिलास दूध के साथ मुट्ठी भर मिक्स ड्राई फ्रूट लें ताकि लंच तक आपको कुछ खाने की जरूरत महसूस नहीं होगी और लंच तक आप चुस्त बने रहेंगे।
एक बाउल मीठे दूध वाले दलिये में एक केला या सेब डालकर भी ले सकते हैं। इससे दूध, सीरियल और फ्रूट सभी आपको मिल जायेंगे और पेट भी भरा रहेगा पर भारी नहीं होगा।
चाहें तो स्प्राउट्स पर खीरा, टमाटर, पनीर के छोटे टुकड़े डालकर नींबू का रस मिलाकर भी खा सकते हैं।
नमकीन दलिये में बहुत सारी ताजी सब्जियां डालकर एक कटोरी दही के साथ ले सकते हैं।
नाश्ते में एक गिलास ताजे फलों का रस सेहत के लिए बहुत अच्छा होता है। चाहें तो सब्जियों का सूप भी ले सकते हैं।
स्लाइस पर बटर लगाकर या शहद लगाकर एक कप दूध के साथ ले सकते हैं।
टोस्ट पर पीनट बटर लगाकर उस पर केले के स्लाइस भी रख कर खा सकते हैं।
इस प्रकार के पौष्टिक ब्रेकफास्ट आपको दिनभर एनर्जेटिक बनाए रख सकते हैं।
नीतू गुप्ता (स्वास्थ्य दर्पण)