

नयी दिल्ली : हाल ही में एक शोध में यह निष्कर्ष निकला है कि कमर और शरीर की चर्बी कम करने के लिए सप्ताह में कम से कम 150 मिनट एरोबिक व्यायाम करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अध्ययन के परिणाम 'द जर्नल ऑफ द अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन (जेएएमए) नेटवर्क ओपन' में प्रकाशित हुए हैं। शोधकर्ताओं ने लगभग 7,000 वयस्कों पर किए गए 116 अध्ययनों की समीक्षा की। मालूम हो कि एरोबिक व्यायाम में दौड़ना और साइकिल चलाना शामिल है। ये हृदय गति को बढ़ाते हैं और शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन की आपूर्ति में सुधार करते हैं, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है। लंदन के इंपीरियल कॉलेज सहित अन्य शोधकर्ताओं ने कहा कि वजन कम करने के लिए कितने समय तक एरोबिक प्रशिक्षण करना चाहिए, इस बारे में वर्तमान सिफारिशें व्यक्तिगत अध्ययनों पर आधारित हैं। इसमें मेटा-विश्लेषण या पूर्व में प्रकाशित साहित्य की समीक्षा कम है।
150 मिनट और 300 मिनट एरोबिक व्यायाम का प्रभाव : शोधकर्ताओं ने पाया कि सप्ताह में कम से कम 150 मिनट का एरोबिक व्यायाम शरीर में वसा को कम करने और कमर की परिधि में कमी लाने में अत्यधिक प्रभावी है। जहां प्रति सप्ताह 30 मिनट एरोबिक व्यायाम करने से मामूली सुधार देखने को मिला, वहीं 150 मिनट से अधिक व्यायाम करने से शरीर में वसा और वजन में महत्वपूर्ण कमी आई। इसके अलावा, प्रति सप्ताह 300 मिनट एरोबिक व्यायाम करने से शरीर के वजन में 4 किलोग्राम से अधिक और कमर की परिधि में चार से पांच सेंटीमीटर की कमी देखी गई।