फिट रहने के क्या फार्मूले हैं, जानिए

Health
फिट रहने के फार्मूले
Published on: 

स्वस्थ रहना कौन नहीं चाहता किंतु इतना समय किस के पास है कि स्वस्थ रहने के लिए छोटी-छोटी बातों पर ध्यान दें किंतु यह भी सच है कि स्वस्थ रहने के लिए छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। तभी बीमारियों से दूर रहा जा सकता है। यही छोटी-छोटी बातें जिंदगी में बहुत काम आती हैं। आप भी अपनी जिंदगी में इन बातों को अपनाइए और फिट रहिये।

संतुलित भोजन लें

स्वस्थ रहने के लिए सबसे जरूरी है संतुलित भोजन करना। यदि दिन की शुरूआत अच्छी डाइट से की जाये तो पूरा दिन वास्तव में अच्छा गुजरेगा। हमारा शरीर चुस्त एवं स्फूर्तिवान बना रहे, इसके लिए जरूरी है संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना ।

अपने दैनिक जीवन में अपने भोजन में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन एवं खनिज युक्त पदार्थों का सेवन मस्तिष्क एवं शरीर को स्फूर्तिवान बनाता है। अपने भोजन में हरी सब्जियों एवं फलों को जरूर शामिल करना चाहिए। अपने भोजन में फैट को कम जगह दें। सिर्फ बैलेंस्ड डाइट ही लें, फिर देखें असर। मोटापा आपसे दूर रहेगा। मोटापा दूर रहेगा तो आप फिट रहेंगी और बीमारियां भी आपसे दूर रहेंगी।

एक्सरसाइज करें

जरा देखें जब हम उठते हैं, उस समय से लेकर रात को सोने तक भला कौन सा ऐसा काम करते हैं जिसमें हमें पसीना बहाने वाली मेहनत करनी पड़ती हो। सब कुछ तो हम तकनीकी विधियों के द्वारा करते हैं। तभी तो शरीर का काम कम हो गया है। जबकि स्वस्थ रहने के लिए हमें कम से कम आधे घंटे का वर्कआउट जरूर करना चाहिए।

यदि ऑफिस में आपका काम बैठकर ही करने का है तो अपने बैठने की स्थिति बदलती रहें। चलने फिरने पर भी ध्यान दें। लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का प्रयोग करें तो बेहतर होगा। डांसिंग, तैराकी, वाकिंग एवं बागवानी आदि गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। इससे बड़ा फायदा होगा।

वजन कंट्रोल करें

ज्यादा वजन होना तो खतरनाक है ही, कम वजन होना भी कम बुरा नहीं है। मोटापे में जहां डायबिटीज, हाई-ब्लडप्रेशर आदि दिल की बीमारियां होने का डर रहता है वहीं कम वजन होने पर भी अनेकों बीमारियां होने की आशंका रहती है। इसलिए अपने वजन को कंट्रोल रखने के उपाय अपनाएं। समय से भोजन करें व व्यायाम करें। लगातार अपना चेकअप कराती रहें। फिर देखें आपके अंदर चुस्ती-फुरती दोनों रहेंगी।

स्मोकिंग न करें

यह तो सभी जानते हैं कि स्मोकिंग सेहत के लिए कितनी हानिकारक है किंतु फिर भी कितने ही लोग धूम्रपान करते हैं। स्मोकिंग से कैंसर एवं फेफड़ों की अन्य बीमारियां हो जाती हैं। यदि स्वस्थ रहना है तो स्मोकिंग करना छोड़ दीजिए क्योंकि इसका असर सिर्फ आप पर ही नहीं, आपके आस-पास रहने वालों पर भी पड़ता है। इसलिए इस लत को काउंसलिंग आदि की मदद लेकर छोड़ने की कोशिश करें।

चेकअप कराएं

स्वस्थ तो सभी रहना चाहते हैं किंतु यह किसी को नहीं पता कि कब क्या बीमारी लग जाये। इसलिए चाहे जो भी उम्र हो, अपना नियमित चेकअप कराती रहें। आपको कब, कौन-सा हेल्थ चेकअप कराना चाहिए, यह आपको डॉक्टर ही बता सकते हैं।

वह आपकी उम्र, स्वास्थ्य, फैमिली बैकग्राउण्ड व दैनिक जीवन शैली आदि को देखकर आपको सही सलाह देगा। जो चेकअप नियमित किए जाने चाहिए उनमें ब्लड-प्रेशर, डाइबिटीज, कोलेस्ट्राल एवं यौन रोगों से संबंधित चेकअप होता है। नियमित चेकअप कराने से यह फायदा रहता है कि किसी भी बीमारी का समय रहते पता चल जाता है जिससे उसका यथासंभव इलाज हो जाता है।

अपने ऊपर भी ध्यान दें

अक्सर परिवारों में क्या होता है कि महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह होती हैं। वे सुबह से शाम तक पति एवं बच्चों के लिए ही पिसती रहती हैं। जरा अपने ऊपर भी ध्यान दें। अपनी दिनचर्या में अपने लिए भी समय निकालें। अपनी जिंदगी को थोड़ा सा व्यवस्थित बनायें। इससे आपका स्वास्थ्य भी बना रहेगा एवं अनेकों बीमारियों को निमंत्रण भी नहीं मिलेगा। आपका जीवन स्वस्थ तभी बन सकता है जब आपकी दिनचर्या नियमित होगी। (स्वास्थ्य दर्पण)

शिखा चौधरी

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in