

सेहत के प्रति जागरूक लोग जानते हैं कि गलत लाइफ स्टाइल उन पर क्या प्रभाव डालता है, फिर भी कुछ लोग जानते हुए भी इसकी गिरफ्त में आ जाते हैं और सेहत को खराब बना देते हैं। सेहत के प्रति जागरूक लोग जब गलत लाइफ स्टाइल अपनाते हैं तो उनके फिटनेस प्लान पर पानी फिरते देर नहीं लगती। अगर हम भी गलत खाने की आदतों के शिकार हो रहे हैं तो हमें अपनी डोर समय रहते कस लेनी चाहिए ताकि हम स्वस्थ बने रह सकें।
खाने में बड़े साइज की करें छुट्टीः-
अक्सर हम कुछ भी खाद्य सामग्री खरीदते हैं तो थोड़े से पैसों की बचत के लिए हम बड़ा पैकेट खरीद लेते हैं और उसे खत्म करने का प्रयास करते हैं। थोड़े से पैसे तो बच जाते हैं पर अपने परिवार की सेहत जरूर बिगड़ जाती है।
कैसे निपटें:-
खाने की पैंकिंग छोटी खरीदें। अगर बड़ा पैकेट लिया है उसमें से थोड़ा सा प्रयोग कर अच्छी तरह पैक कर स्टोर कर लें ताकि जरूरत के समय पुनः उसका प्रयोग हो सके। कोल्ड ड्रिंक, पैक्ड जूस, शैक्सी आदि छोटे गिलास में लें। चिप्स, बर्गर, पिज्जा छोटे साइज का लें। छोटी प्लेट में थोड़ा खाना डालें और छोटे छोटे कोर चबा कर खाएं। पेट जल्दी भरेगा ओर कैलरीज कम मिलेंगी।
खाने की जिन चीजों को देखते हैं, वो अधिक खाई जाती हैं:-
दिन भर चाकलेट, आइसक्रीम, चिप्स, पिज्जा की एड बच्चे देखते हैं तो उनकी मांग बढ़ जाती है। इसी प्रकार जवान भी जिन खाने की चीजों के बारे में अधिक सोचते हैं, उन्हें खाने की इच्छा उनकी तीव्र हो जाती है। यह स्वाभाविक है। बेहतर होगा पसंद वाली खाने-पीने की चीजों को न तो सामने रखें, न ही उसके बारे में ज्यादा बात करें, न ही उनके बारे में सोचें, विशेषकर ज्यादा कैलरी वाले खाद्य पदार्थों के बारे में। किसी भी चीज के सामने होने पर या घर पर होने से खाने पर काफी फर्क पड़ता है।
कैसे निपटें:-
मन को ललचाने वाली चीजों को आंखों से दूर रखें। डाइनिंग टेबल पर कम कैलरी वाले खाद्य पदार्थ रखें जैसे भुने चने, मुरमुरे, डाइट नमकीन आदि। कम कैलरी वाली चीजों से प्लेट पहले भर लें। इससे पेट जल्दी भरेगा और कैलरी भी कम लेंगे। भूख लगने पर थोड़ा ड्राई फ्रूट बादाम आदि ले सकते हैं।
चखने के चक्कर में भी खाया जाता है ज्यादा:-
ज्यादा वैरायटी घर पर न बनाएं क्योंकि जितनी वैरायटी बनाएंगे, उतना थोड़ा थोड़ा सब खाएंगे भी। इससे शरीर में अधिक कैलरीज चली जाती हैं। हर चीज ट्राई करने से ओवर ईटिंग हो जाती है।
कैसे निपटें:-
शादी पार्टी में दूसरे की प्लेट पर नजर न रखें नहीं तो ज्यादा खाया जाएगा। बुफे शादी आदि पर पहले फल, सलाद आदि खा लें ताकि शुरुआत हल्दी खाने से हो। खाने की टेबल से दूर जाकर खाएं ताकि बार-बार खाने की टेबल तक पहुंचने में आलस आए। नानवेज खा रहे हैं तो हड्डियां प्लेट में रखें जिससे अंदाजा लगा सकें कि कितना खा लिया है।
कैलरी का खजाना है, रेस्तरां का खाना:-
रेस्तरांवाले तो खाने को स्वादिष्ट बनाने के मिलए खुल कर चीज़, क्रीम व पनीर का प्रयोग करते हैं। ग्रेवी को गाढ़ा बनाने के लिए काजू पीसकर डालते हैं। यह बात समझें कि रेस्तरां वाले हाई कैलरी स्वादिष्ट खाना सर्व कर आपकी जेब और सेहत खराब कर रहे हैं।
कैसे निपटा जाए:-
बाहर के खाने का प्रोग्राम कम से कम बनाएं। समझदारी से आर्डर दें। पौष्टिक आहार की जानकारी बढ़ाएं ताकि कम कैलरी वाला पौष्टिक खाना चुन सके। अगर आप डाइट कांशियस हैं तो बाहर का खाना महीने में एक बार चीट डे के लिए रखें। इसी में समझदारी है।
ग्रुप में खाने से बचें:-
दोस्तों या परिवार के साथ बैठकर खाने में मजा अधिक आता है। स्वाभाविक है ज्यादा भी खाया जाता है, बातें करते, मस्ती मारते, एक दूसरे की प्लेट में जबरदस्ती पलटते। वैसे भारतीय समाज में परिवार के साथ मिलकर खाने को अच्छी संस्कृति में माना जाता है। अगर आप सेहत के प्रति जागरूक हें तो उनके साथ साधारण भोजन पर ही स्टिक रहें।
कैसे निपटा जाए :-
अगर आप ग्रुप में खा रहे हैं तो बातों पर अधिक ध्यान दें ताकि सबसे अंत में खाना डाल सकें। खाना धीरे धीरे खाएं ताकि परिवार और दोस्तों का साथ अंत तक बना रहे। दूसरों के मनुहार को अधिक महत्त्व न दें। अपने खाने पर अनुशासित रहें। अपने डाइट प्लान पर परिवार वालों और दोस्तों को हावी न होने दें। नीतू गुप्ता(स्वास्थ्य दर्पण)