

भारत के पूर्वांचल में दीपावली के पश्चात छठ पूजा की धूम होती भी। अब छठ-पर्व केवल पूर्वांचल का नहीं, पूरे देश का महत्वपूर्ण त्योहार बन चुका है। कई दिन पूर्व से ही छठ की की तैयारी चारों ओर दिखाई देने लगती है। प्रशासन जहां छठ घाटों की साफ-सफाई की ओर अपना ध्यान केंद्रित करता है तो बाजारों में छठ पूजा का विशेष सामान यथा, बांस का सूप, बड़ी टोकरी, पूरा पत्ते सहित गन्ना, हरी कच्ची हल्दी, हरा अदरक, ड़ाब नींबू आदि दिखाई देने लगता है। इस महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर प्रवासी बन्धु अपने घर, अपने गांव जाते हैं इसलिए रेलगाड़ियों, बसो आदि में भारी भीड़ रहती है। इस अवसर पर विशेष ट्रेनें और बसे चलाई जाती है।
छठ पर्व का संबंध सूर्य से है। सूर्य इस सृष्टि का प्राण है। शक्ति का महापुंज है, उसके बिना जीवन की कल्पना ही नहीं की जा सकती। आदिकाल से ही सूर्य को देवता माना जाता रहा है। तो अनेक समाजों में अलग-अलग ढ़ंग से सूर्य उपासना की परम्परा रही है। उसकी आराधना का वेदों में तथा पूजा का वर्णन महाभारत काल में मिलता है। वाल्मीकि रामायण में आदित्य हृदय स्तोत्र के द्वारा सूर्यदेव का जो स्तवन किया गया है, उससे उनके सर्वदेवमय- सर्वशक्तिमय स्वरूप का बोध होता है।
यदि इसके इतिहास की ओर दृष्टि डालें तो इसका प्रारंभ महाभारत काल में कुंती द्वारा सूर्य की आराधना व पुत्र कर्ण के जन्म के समय से माना जाता है। मान्यता है कि छठ देवी सूर्य देव की बहन हैं और उन्हीं को प्रसन्न करने के लिए जीवन के महत्वपूर्ण अवयवों में सूर्य व जल की महत्ता को मानते हुए, इन्हें साक्षी मान कर भगवान सूर्य की आराधना तथा उनका धन्यवाद करते हुए मां गंगा-यमुना या किसी भी पवित्र नदी या पोखर के किनारे यह पूजा की जाती है।
छठ की पूजा, उसी सूर्य पूजा का एक रूप है। यह बताना मुश्किल है कि सूर्य पूजा की छठ की परंपरा कब से शुरू हुई। नियमित रूप से सूर्य को जल देकर पूजा-अर्चना करने वाले, उसे छठ पूजा का विस्तार मानते हैं। लेकिन चूंकि यह पर्व छह-छह महीनों में षष्ठी तिथि को अनुष्ठित होता है, शायद इसलिए इसे छठ कहा गया है। एक छठ पूजा चैत के महीने में भी होती है। ऐसी मान्यता है कि सूर्य की आराधना से कुष्ठ जैसी बीमारियों का भी निदान हो जाता है और छठ पूजा के दिन अर्ध्य के समय में जो भी मनौती मानी जाए वह अवश्य पूरी होती है। छठ का पर्व तीन दिनों तक मनाया जाता है। इसे छठ से दो दिन पहले चौथ के दिन शुरू करते हैं जिसमें दो दिन तक व्रत रखा जाता है। इस पर्व की विशेषता है कि इसे घर का कोई भी सदस्य रख सकता है तथा इसे किसी मन्दिर या धार्मिक स्थान में न मना कर अपने घर में देवकरी (पूजा-स्थल) व प्राकृतिक जल राशि के समक्ष मनाया जाता है।
तीन दिन तक चलने वाले इस पर्व के लिए महिलाएँ कई दिनों से तैयारी करती हैं इस अवसर पर घर के सभी सदस्य स्वच्छता का बहुत ध्यान रखते हैं जहाँ पूजा स्थल होता है वहाँ नहा धोकर ही जाते हैं यही नहीं, तीन दिन तक घर के सभी सदस्य देवकरी के सामने जमीन पर ही सोते हैं।
पर्व के प्रथम दिन पूजा में चढ़ावे के लिए सामान तैयार किया जाता है जिसमें सभी प्रकार के मौसमी फल, केले की पूरी गौर, इस पर्व पर खासतौर पर बनाया जाने वाला पकवान ठेकुआ, नारियल, मूली, सुथनी, अखरोट, बादाम, नारियल, इस पर चढ़ाने के लिए लाल/ पीले रंग का कपड़ा, एक बड़ा घड़ा जिस पर बारह दीपक लगे हो गन्ने के बारह पेड़ आदि। पहले दिन महिलाएँ अपने बाल धो कर चावल, लौकी और चने की दाल का भोजन करती हैं और देवकरी में पूजा का सारा सामान रख कर दूसरे दिन आने वाले व्रत की तैयारी करती हैं।
छठ पर्व पर दूसरे दिन पूरे दिन उपवास रखा जाता है और शाम को गन्ने के रस की खीर बनाकर देवकरी में पांच जगह कोशा (मिट्टी के बर्तन) में खीर रखकर उसी से हवन किया जाता है। बाद में प्रसाद के रूप में बखीर का ही भोजन किया जाता है व सगे संबंधियों में इसे बाँटा जाता है। तीसरे यानी छठ के दिन 24 घंटे का निर्जल व्रत रखा जाता है, सारे दिन पूजा की तैयारी की जाती है और पूजा के लिए एक बांस की बनी हुई बड़ी टोकरी, जिसे दौरी कहते हैं, में पूजा का सभी सामान डाल कर देवकरी में रख दिया जाता है। देवकरी में गन्ने के पेड़ से एक छत्र बनाकर और उसके नीचे मिट्टी का एक बड़ा बर्तन, दीपक, तथा मिट्टी के हाथी बना कर रखे जाते हैं और उसमें पूजा का सामान भर दिया जाता है। वहाँ पूजा अर्चना करने के बाद शाम को एक सूप में नारियल कपड़े में लिपटा हुआ नारियल, पांच प्रकार के फल, पूजा का अन्य सामान ले कर दौरी में रख कर घर का पुरूष इसे अपने हाथों से उठा कर नदी, समुद्र या पोखर पर ले जाता है। यह अपवित्र न हो जाए इसलिए इसे सिर के उपर की तरफ रखते हैं। पुरूष, महिलाएँ, बच्चों की टोली एक सैलाब की तरह दिन ढलने से पहले नदी के किनारे सोहर गाते हुए जाते हैं।
नदी किनारे जाकर नदी से मिट्टी निकाल कर छठ माता का चौरा बनाते हैं वहीं पर पूजा का सारा सामान रख कर नारियल चढ़ाते हैं और दीप जलाते हैं। उसके बाद टखने भर पानी में जा कर खड़े होते हैं और सूर्य देव की पूजा के लिए सूप में सारा सामान ले कर पानी से अर्घ्य देते हैं और पाँच बार परिक्रमा करते हैं। पूरे विश्व में चढ़ते सूरज कोप्रणाम करने की परंपरा है लेकिन छठ पर डूबते सूरज को भी प्रणाम किया जाता है।
सूर्य देव की प्रतीक्षा में महिलाएँ हाथ में सामान से भरा सूप ले कर सूर्य देव की आराधना व पूजा नदी में खड़े हो कर करती हैं।
सूर्यास्त होने के बाद सारा सामान ले कर सोहर गाते हुए घर आ जाते हैं और देवकरी में रख देते हैं। रात को पूजा करते हैं। कृष्ण पक्ष की रात जब कुछ भी दिखाई नहीं देता श्रद्धालु तड़के सवेरे अर्थात सूर्याेदय से दो घंटे पहले सर पर टोकरी रख जिसमें सारा नया पूजा का सामान होता है, नदी तालाब सरोवर अथवा शहरों में बने हुए छठ घाट किनारे जाते हैं। पूजा का सामान फिर उसी प्रकार नदी से मिट्टी निकाल कर चौक बनाकर उस पर रखा जाता है और पूजन शुरू होता है। सूर्य देव की प्रतीक्षा में महिलाएँ हाथ में सामान से भरा सूप ले कर सूर्य देव की आराधना व पूजा नदी में खड़े हो कर करती हैं। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई देती है सब लोगों के चेहरे पर एक खुशी दिखाई देती है और महिलाएँ अर्घ्य देना शुरू कर देती हैं। शाम को पानी से अर्घ देते हैं लेकिन सुबह दूध से अर्घ्य दिया जाता है। इस समय सभी नदी में नहाते हैं तथा गीत गाते हुए पूजा का सामान लेकर घर आ जाते हैं। घर पहुँच कर देवकरी में पूजा का सामान रख दिया जाता है और महिलाएँ प्रसाद लेकर अपना व्रत खोलती हैं तथा प्रसाद परिवार व सभी परिजनों में बांटा जाता है।
हिन्दू परंपरा में कार्तिक मास को देवों का मास कहा जाता है। ये व्रत ज्यादातर घर की महिलाएं करती हैं, लेकिन छठ पूजा पुरुष भी करते हैं। इसमें अमीरी-गरीबी, ऊंच-नीच, यहां तक कि धर्म और जाति का भेदभाव भी नहीं होता। संध्या कालीन छठ पूर्व को संभवतः इसलिए प्रमुखता दी गयी है ताकि संसार को यह ज्ञात हो सके कि जब तक हम डूबते सूर्य अर्थात बुजुर्गों को आदर सम्मान नहीं देंगे तब तक उगता सूर्य अर्थात नई पीढ़ी उन्नत और खुशहाल नहीं होगी। संस्कारों का बीज बुजुर्गों से ही प्राप्त होता है। बुजुर्ग जीवन के अनुभव रूपी ज्ञान के कारण आदर के पात्र होते हैं। इनका निरादर करने की बजाय इनकी सेवा करें और उनसे जीवन का अनुभव रूपी ज्ञान प्राप्त करें। (युवराज) डाॅ. विनोद बब्बर