

इंफाल : मणिपुर के जिरीबाम जिले में मणिपुर-असम सीमा के पास सुरक्षा बलों और पुलिस के संयुक्त अभियान में पांच किलोग्राम अफीम के साथ तीन कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के दो निवासी भी शामिल हैं। इनेक नाम धनराज प्रजापत (46) और बुद्ध राम (44) है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद और एक कार भी जब्त की है। मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
रोककर तलाशी ली
पुलिस के अनुसार, 29 जून की सुबह नेशनल हाईवे-37 पर नारकोटिक्स की तस्करी की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय सुरक्षा बल, जिरीबाम पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने लींगंगपोकपी गांव में एक सिल्वर-ग्रे हुंडई i20 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर GJ-27BL-0847) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से पांच किलोग्राम अफीम और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
थाने के हवाले कर दिया
दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए बिष्णुपुर जिले के थंगा खुंजेम लेइकाई इलाके में छापेमारी कर तीसरे संदिग्ध को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों, जब्त अफीम, नकदी और वाहन को संबंधित थाने के हवाले कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अफीम के स्रोत के साथ-साथ इस अंतरराज्यीय नारकोटिक्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।