घर आने-जाने का रास्ता बंद तो व्यक्ति ने प्रशासन से मांगा हेलीकॉप्टर

रास्ता बंद होने पर व्यक्ति ने प्रशासन से मांगा हेलीकॉप्टर
जिलाधिकारी से शिकायत करते मांगीलाल।
जिलाधिकारी से शिकायत करते मांगीलाल।
Published on: 

जयपुर : राजस्थान के बाड़मेर में जिलाधिकारी की रात्रि चौपाल के दौरान एक फरियादी ने उसके घर के लिए आने-जाने वाला रास्ता बंद होने के कारण प्रशासन से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था किये जाने की मांग की। व्यक्ति की लिखित शिकायत और मांग से वहां मौजूद जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी आश्चर्यचकित हो गये। हालांकि अधिकारियों ने उसकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

जोरापुर गांव के रहने वाले मांगीलाल ने कहा कि खेत में बने उसके घर की ओर जाने वाले रास्ते पर दूसरे लोग खेती कर रहे हैं, जिस कारण आने-जाने का रास्ता ही नहीं बचा है।

बाड़मेर की जिलाधिकारी टीना डाबी ने मंगलवार रात अटल सेवा केन्द्र चौपाल में बैठक कर लोगों की समस्याएं सुनीं।

डाबी ने मामले के संबंध में तत्काल उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसडीएम ने बुधवार को मौके का निरीक्षण किया और अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर 3 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाकर रास्ता खोलने का निर्देश दिया। एसडीएम बद्रीनारायण ने बताया कि लोगों ने कच्ची सड़क पर खेती कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया, जिसके कारण शिकायतकर्ता को आने-जाने का रास्ता नहीं मिल रहा था।

उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति पर अतिक्रमण का आरोप है वह सरकारी अध्यापक है।

बद्रीनारायण ने बताया कि प्रशासन ने पहले भी इस रास्ते से अतिक्रमण हटाया था, लेकिन बाद में वहां फिर से खेती शुरू कर दी गई।

उन्होंने बताया चूंकि अतिक्रमण दूसरी बार किया गया है इसलिए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in