
जयपुर : उदयपुर शहर में फ्रांस की एक पर्यटक से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी फरार है। आरोप है कि व्यक्ति इस पर्यटक को एक पार्टी से बहला-फुसलाकर अपने किराए के अपार्टमेंट में ले गया और वहां उससे दुष्कर्म किया। घटना सोमवार को बड़गांव थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने बताया कि 22 जून को दिल्ली से उदयपुर पहुंची महिला अंबामाता क्षेत्र के एक होटल में ठहरी थी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच करायी गई है। उसके बयान के आधार पर एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार है।
उदयपुर के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि पीड़िता आरोपी के संपर्क में कैसे आई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। थानाधिकारी पूर्ण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि महिला टाइगर हिल स्थित 'द ग्रीक फार्म कैफे एंड रेस्ट्रो' में एक पार्टी में गई थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी सिद्धार्थ से हुई। आरोपी ने महिला को आसपास की जगहें दिखाने के बहाने बाहर बुलाया और बाद में उसे सुखेर में अपने किराये के अपार्टमेंट में ले गया। वहां उसने उससे दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्राथमिकी के अनुसार, महिला ने बार-बार होटल लौटने की मिन्नत की लेकिन लेकिन आरोपी ने मना कर दिया। उसी समय उसके मोबाइल फोन की बैटरी डिस्चार्ज हो गई थी। उसने आरोप लगाया कि अपार्टमेंट में पहुंचने के बाद व्यक्ति ने उससे शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो उसने उसका यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद महिला ने खुद को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने बताया कि बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।