जयपुर के जल महल पर करतब दिखाएगी वायुसेना की ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक’ टीम

वायुसेना की सूर्यकिरण- सारंग हेलीकॉप्टर टीम 20 और 22 फरवरी को जल महल के ऊपर ‘एयर शो’ करेगी
हेलीकॉप्टर
हेलीकॉप्टर
Published on

जयपुर : भारतीय वायुसेना की मशहूर ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक’ और सारंग हेलीकॉप्टर टीम 20 और 22 फरवरी को यहां जल महल के ऊपर ‘एयर शो’ करेगी। राजस्थान सरकार के साथ मिलकर आयोजित किए जा रहे इस शो में ये टीम लोगों के सामने हवाई कौशल, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का अद्भुत प्रदर्शन करेंगी। इन दोनों टीम के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को यहां एनसीसी कैडेट और दूसरे विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें वायुसेना व दूसरे रक्षा बलों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया।

उल्लेखनीय है कि सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम में नौ हॉक एमके-132 विमान शामिल हैं। ये पांच मीटर से भी कम दूरी पर बेहद करीबी गठन में उड़ान भरते हैं। टीम ने देश विदेश में 800 से अधिक प्रदर्शन किए हैं और चीन, श्रीलंका, म्यांमा, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता का प्रतिनिधित्व किया है।

इसमें जयपुर और राज्य के दूसरे हिस्सों से तीन पायलट शामिल होंगे जिनमें सीकर के रहने वाले विंग कमांडर राजेश काजला भी हैं। यहां संवाद सत्र में राजेश ने कहा, शो का मकसद युवा विद्यार्थियों को वायुसेना के प्रति प्रोत्साहित करना है।

'सारंग' टीम ने अपनी विशिष्ट समन्वित कलाबाजियों से दुनिया भर के दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है। टीम ने वर्ष 2004 में सिंगापुर में एशियन एयरोस्पेस शो में अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदार्पण किया और तब से अब तक विश्व के 390 से अधिक स्थानों पर 1,200 से ज्यादा प्रदर्शन कर चुकी है।सारंग टीम स्वदेशी रूप से निर्मित ‘ध्रुव’ एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (एएलएच) पर उड़ान भरती है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है। मिली जानकारी के अनुसार शो को निशुल्क देखा जा सकता है लेकिन इसके लिए राजस्थान एसएसओ पोर्टल के ज़रिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in