राजनाथ सिंह का दावा : भारत 2047 तक वैश्विक महाशक्ति बनेगा, नहीं रुकेगा विकास

38 देशों से व्यापार समझौते राजनीतिक इच्छाशक्ति की मिसाल
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
Published on

जोधपुर : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि भारत ने वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच 38 देशों के साथ व्यापार समझौते करके अद्वितीय राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक कोई भी शक्ति भारत को वैश्विक महाशक्ति बनने से नहीं रोक पाएगी।

जोधपुर में पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में भी भारत मजबूती और कौशल के साथ आगे बढ़ रहा है।

सिंह ने कहा, भारत की राजनीतिक इच्छाशक्ति हाल ही में व्यापार समझौतों के मामले में स्पष्ट रूप से दिखाई दी है। पश्चिम एशिया संकट से जूझ रहा है, फिर भी प्रधानमंत्री मोदी विषम परिस्थितियों में देश को आगे ले जा रहे हैं। किसी अन्य देश ने वह हासिल नहीं किया जो भारत ने किया है। वैश्विक तनावों के बावजूद भारत ने 38 देशों के साथ व्यापार समझौते किए हैं, जो व्यापार इतिहास में एक मील का पत्थर है।

उन्होंने दावा किया कि इसके परिणामस्वरूप अमेरिका ने भी शुल्क कम किए हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भारत और मजबूत होकर उभरता है तथा वैश्विक कठिनाइयों के बीच देश और अधिक सुदृढ़ होकर आगे बढ़ेगा। 2047 तक कोई भी शक्ति भारत को वैश्विक महाशक्ति बनने से नहीं रोक पाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी की हालिया अपील का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि लोग मितव्ययिता के उपायों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या 50 प्रतिशत से अधिक घटा दी है।

राजस्थान में परमाणु परीक्षणों का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बावजूद साहस का परिचय दिया था। भारत वैश्विक चुनौतियों के बावजूद परमाणु शक्ति के रूप में उभरा।

भैरोंसिंह शेखावत की प्रशंसा करते हुए सिंह ने कहा कि उन्होंने भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत किया और उनकी राजनीति समाज व राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित थी। शेखावत आपातकाल के दौरान भी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहे और उनकी सुलभ राजनीतिक शैली अनुकरणीय थी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य उनके नेतृत्व में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में राजस्थान में जहां 11.68 लाख ग्रामीण घरों में पेयजल कनेक्शन थे, वहीं मार्च 2025 तक यह संख्या बढ़कर 60 लाख से अधिक हो गई है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in